भाजपा ने की डीजीपी को ज्ञापन देकर अपराधियों पर कडी कार्रवाई की मांग

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा ने की डीजीपी को ज्ञापन देकर अपराधियों पर कडी कार्रवाई की मांग


रांची, 01 अप्रैल (हि.स.)।

प्रदेश भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को पुलिस मुख्यालय स्थित डीजीपी कार्यालय में ज्ञापन देकर राज्य में तुष्टीकरण जनित अपराध पर रोक लगाते हुए अपराधियों पर कडी कार्रवाई की मांग की है।

प्रतिनिधिमंडलमें पार्टी के नेता राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, बालमुकुंद सहाय, नवीन जायसवाल और

सीमा शर्मा शामिल थे। इस संबंध में पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि तुष्टीकरण वर्तमान हेमंत सरकार की सोची समझी रणनीति का हिस्सा है। फुट डालो और राज करो की नीति से अल्पसंख्यक और बहुसंख्यक समाज में खाई बढ़ रही है, जिसके भयावह परिणाम सामने आ रहे हैं। ज्ञापन में पार्टी नेे लिखा है दिन प्रतिदिन विभिन्न समस्याओं से जूझ रही जनता अब अपने पर्व त्योहार, धार्मिक सांस्कृतिक अनुष्ठानों में भी दहशत और भय के माहौल में जीने को विवश है। जब पुलिस प्रशासन कानून के शासन को तिलांजलि देकर तुष्टीकरण की नीति का टूल किट बन जाता है तो जनता का विश्वास पुलिस प्रशासन से उठ जाता है।

राज्य तुष्टीकरण की आग में जलने नहीं देगी भाजपा

ज्ञापन कहा गया है कि केंद्र सरकार की सख्त कार्रवाई के कारण राज्य अब नक्सलवाद से मुक्त होने के कगार पर है, लेकिन तुष्टीकरण जनित अपराध राज्य में सुरसा की भांति मुंह फैला रहा है। आए दिन हिंदू समाज के पर्व-त्योहार एक समुदाय विशेष के निशाने पर होते हैं। रामनवमी, दुर्गा पूजा, सरस्वती पूजा छठ, दीपावली, सरहुल और शिवरात्रि जैसे त्योहारों में सुनियोजित अड़ंगा डालना, शोभायात्रा पर पत्थरबाजी करना, मंदिर में देवी देवताओं की प्रतिमा को खंडित करने जैसी घटनाएं आम हो गई हैं। इसके अलावा बड़े पैमाने पर गो तस्करों की सक्रियता सनातन हिंदू समाज को आक्रोशित कर रही है। साथ ही प्रतिबंधित गौ मांस की बिक्री को बढ़ावा दे रही है।

पार्टी ने कहा कि दिनों खूंटी जिला अंतर्गत मुरहू में रामनवमी के दौरान जुलूस पर पथराव किए जाने की घटना की जांच भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने 31 मार्च को की है। स्थानीय लोगों से मुलाकात के बाद जो बातें सामने आई है कि सुनियोजित तरीके से रामनवमी जुलूस पर पत्थरबाजी करते हुए विशेष समुदाय के अपराधी तत्वों की ओर से विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, रामनवमी समिति के कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया गया। इसमें पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पूरी तरह भेदभावपूर्ण है।

पत्र में कहा गया है कि विपक्षी दल के नाते भाजपा जनभावनाओं के साथ खड़ी है। पार्टी कभी भी राज्य को तुष्टीकरण की आग में जलने नहीं देगी।

ज्ञापन के जरिए भाजपा ने सरकार को आगाह किया है कि राज्य सरकार तुष्टीकरण की नीति पर चलने से बाज आए। पुलिस प्रशासन किसी भी जाति धर्म समुदाय से जुड़ा हो उसपर विधिसम्मत कार्रवाई करे और समुदाय विशेष के अपराधियों को संरक्षण देना बंद करे।

पार्टी की मुख्य मांगें

पार्टी ने राज्य में सनातन हिंदू समाज के पर्व त्योहारों में बाधा डालने की कार्रवाई बंद करने, गौ तस्करी पर रोक लगाने, प्रतिबंधित मांस बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई करने, मुरहू खूंटी की घटना में सरकार के दबाव में गिरफ्तार निर्दोष 77 लोगों को अविलंब छोड़ने और घटना को अंजाम देने वाले समुदाय विशेष के नामजद अपराधियों को गिरफ्तार कर कडी कार्रवाई की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story