भाजपा का नए प्रदेश अध्‍यक्ष का कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाडा बजाकर किया सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा का नए प्रदेश अध्‍यक्ष का कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाडा बजाकर किया सम्मान


रांची, 16 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) झारखंड प्रदेश के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू का शुक्रवार को भाजपा रांची महानगर जिला कार्यालय रातू रोड में ढोल–नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर महानगर कार्यालय उत्साह, उमंग और संगठनात्मक एकता के रंग में सराबोर नजर आया। सैकड़ों की संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने पुष्पमालाओं, जयघोष और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ अपने लोकप्रिय नेता का अभिनंदन कर खुशी और गर्व का प्रदर्शन किया।

अभिनंदन समारोह संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि आज यदि मैं प्रदेश अध्यक्ष हूं, तो यह सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि आप सभी समर्पित कार्यकर्ताओं का सम्मान है। वास्तव में आप सब ही प्रदेश अध्यक्ष हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता सदैव समर्पण और निस्वार्थ भाव से संगठन की सेवा करता है। जो कार्यकर्ता बिना किसी अपेक्षा के पार्टी के लिए कार्य करता है, सफलता स्वयं उसके कदम चूमती है।

उन्होंने अपने संघर्ष को साझा करते हुए कहा, मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं राज्यसभा सांसद या प्रदेश अध्यक्ष बनूंगा। मैंने केवल निस्वार्थ भाव से संगठन की सेवा की और पार्टी ने मुझे यह दायित्व सौंपा।

साहू ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के निरंतर आंदोलन और दबाव के कारण ही सरकार को नगर निकाय चुनाव कराने के लिए मजबूर होना पड़ा है। अब हमारा लक्ष्य स्पष्ट है—निकाय चुनाव में हर हाल में सभी सीटों पर विजय प्राप्त करना।

राज्य की कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा, झारखंड में कानून व्यवस्था पूरी तरह से लचर हो चुकी है। यदि भाजपा ने एसएसपी कार्यालय का घेराव नहीं किया होता, तो धुर्वा से अपहृत मासूम बच्चों की बरामदगी संभव नहीं होती। यही संगठन की असली ताकत है। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक समर्पित भाव से कार्य करता है। हम केवल राजनीति नहीं, बल्कि सेवा का संस्कार लेकर चलते हैं। राज्य सरकार पर तुष्टिकरण का आरोप लगाते हुए साहू ने कहा झारखंड सरकार तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है और एक विशेष वर्ग के लिए कार्य कर रही है। मधुपुर की घटना इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है।

उन्होंने कहा, राज्य की धरोहर और वरिष्ठ नेता कड़िया मुंडा जी जैसे व्यक्तित्व को अपराधियों द्वारा धमकाया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। यह सरकार की विफलता को दर्शाता है और भाजपा इसे कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।

मौके पर विधायक सीपी सिंह ने कहा कि आदित्य साहू कार्यकर्ताओं के संघर्ष से निकले नेता हैं और उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जनता की आवाज बनकर हर मोर्चे पर मजबूती से खड़े रहेंगे।

इस अवसर पर विधायक नवीन जयसवाल ने कहा कि आदित्य साहू का प्रदेश अध्यक्ष बनना कार्यकर्ता-आधारित राजनीति की जीत है। उनका संघर्ष और समर्पण हर कार्यकर्ता के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा आगामी नगर निकाय चुनाव में सभी सीटों पर विजय हासिल करेगी।

अभिनंदन समारोह की अध्यक्षता रांची महानगर जिला अध्यक्ष वरुण साहू ने की। कार्यक्रम में प्रदेश पदाधिकारी, सांसद एवं विधायक, वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में समर्पित कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में आदित्य साहू जी के नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए पार्टी को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

अभिनंदन समारोह में प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, सत्यनारायण सिंह, मनोज मिश्रा, बलराम सिंह, जितेंद्र वर्मा, सुबोध सिंह गुड्डू, संदेश वर्मा, रमेश सिंह, मुकेश मुक्ता सहित अन्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story