प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर भाजपा 17 सितंबर से चलाएगी सेवा संकल्प अभियान

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर भाजपा 17 सितंबर से चलाएगी सेवा संकल्प अभियान


रांची, 31 अगस्त (हि.स.)।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन को भाजपा महज एक समारोह तक सीमित नहीं रखना चाहती है। भाजपा द्वारा 17 सितंबर से लेकर 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के दरम्यान किए गए ऐतिहासिक कार्यों को झारखंड सहित देश के हर घर तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है।

झारखंड में इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए रांची के सुकुरहुटू, कांके स्थित हवेली बैंक्वेट हॉल में सोमवार को एक प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं द्वीप प्रज्वलित कर की गई।

कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कहा कि सेवा संकल्प के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर रहने वाले व्यक्ति के लिए देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले 12 वर्षों से लगातार एक कार्यकर्ता के रूप में 140 करोड़ लोगों की सेवा भाव से अनवरत सेवा का कार्य कर रहे हैं। उनके शरीर का रोम-रोम तथा हर क्षण देश को समर्पित है। यह एक तपस्या और त्याग है। उन्होंने किसी से कभी कोई भेदभाव नहीं की। नरेंद मोदी ने कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से देश के हर घर में दस्तक दी है। ऐसा कोई घर अछूता नहीं है जहां किसी कल्याणकारी योजना के माध्यम से रोशनी नहीं पहुंची हो।

साहू ने कहा कि देश की आजादी के बाद देशवासियों को पहली बार यह महसूस हुआ है कि देश की सत्ता पर बैठने वाला व्यक्ति हमारे बीच का, हमारे लिए काम करने वाला और हम सबों का ख्याल रखने वाला है।

साहू ने कहा कि पहले पैसे के अभाव में लोग भूख से मरते थे, भूखे खेतों में काम करते थे लेकिन नरेंद्र मोदी ने पिछले 12 सालों से किसी को भूखे पेट सोने नहीं दिया है। आज कहीं भी यह सुनने को नहीं मिलता है कि कोई भूख से मर गया हो।

साहू ने कहा कि नरेंद्र मोदी के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है। देश के एक-एक नागरिक उनकी विकास की सूची में है। वे गांव गरीब, शोषित, वंचित सबको साथ लेकर चलने काम कर रहे हैं। उन्होंने किसानों के आंसुओं को पोछा। यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि हम सभी को भाजपा के माध्यम से गरीबों की सेवा करने का मौका मिला है।

मौके पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि नरेंद्र मोदी का अब तक का कालखंड बेमिसाल रहा है। उन्होंने देश की जनता की खातिर जो काम किया वह अपने आप में एक रिकॉर्ड है। इसलिए सुशासन और गरीब कल्याण के कार्यकाल को जन-जन तक पहुंचाना तथा सेवा कार्यों को बढ़ावा देना है। प्रधानमंत्री ने 12 वर्षो के कालखंड में ऐतिहासिक काम किया है। झारखंड के साहेबगंज जिला में गंगा नदी पर पुल बनाया, एम्स बनाया, राज्य में तीन मेडिकल कॉलेज बनाया गया, रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प किया गया, हाइवे का वृहत पैमाने पर निर्माण हुआ। कह सकते हैं कि मोदी के नेतृत्व में झारखंड सहित पूरे देश में अदभुत और अतुलनीय कार्य किये गए हैं। इन सभी उपलब्धियों को राज्य की जनता के सहयोग से उन्हें बताना है कि किस प्रकार से 12 सालों में ऐतिहासिक काम किये गए हैं।

मरांडी ने कहा कि सेस के कारण झारखंड के कोयले और लोहे की कीमत में भारी इजाफा हुआ है, नतीजा झारखंड के खनिज की बिक्री नहीं हो पा रही है। झारखंड में कोयला और लोहे की अवैध खनन और खपत हो रहा है और राज्य के राजस्व की चोरी की जा रही है। उन्होंने कहा कि आज झारखंड की तुलना में ओडिसा और छत्तीसगढ़ में कम मात्रा में कोयला और लोहा होने के बावजूद भी वहां राजस्व की प्राप्ति अधिक है।इसकी चिंता वर्तमान सरकार को तनिक भी नहीं है। लेकिन केंद्र की नरेंद्र मोदी की सरकार झारखंड के हक और अधिकार की रक्षा करेंगे, उसे तनिक भी नुकसान नहीं होने देंगे।

राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा ने कहा कि हम सबों के अभिभावक नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक जीवन की सिल्वर जुबली का यह वर्ष है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इसे पूरे उत्साह और ऐतिहासिक रुप से मनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिन कार्यक्रमों की घोषणा की गई है, उसमें आम लोगों को विशेष कर युवाओ, छात्रों, महिलाओं एवं केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों को जरूर शामिल करना है। उनकी इन कार्यक्रमों में सहभागिता सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के 12 सालों के उपलब्धियों को राज्य की जनता को बताना है। केंद्रीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही इसका लाभ लेने के लिए भी प्रेरित करना है तथा ब्लॉक से लाभ लेने में सहयोग करना है।

प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने पीपीटी के माध्यम से नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पहले देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन को पखवाड़ा के रुप में मनाया जाता था लेकिन इस बार 17 सितंबर से लेकर 17 अक्टूबर तक इसे सेवा संकल्प अभियान के रूप में एक माह तक मनाया जाना है। कार्यक्रम के सफल संचालन करने के लिए 5, 6 एवं 7 सितंबर को जिला स्तरीय कार्यशाला तथा 8, 9 एवं 10 सितंबर को मंडल स्तरीय कार्यशाला का आयोजन करना है।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरा करने तथा उनकी उपलब्धियों को रेखांकित करने के लिए पूरे माह को संकल्प अभियान के रूप में मनाना है। उनके जन्मदिन 17 सितंबर को हर घर में आशीर्वाद का दीया प्रज्वलन करने के साथ ही विभिन्न कार्यक्रमों को कैसे और किस रुप में मनाना है, उन्होंने इसकी विस्तृत जानकारी दी।

प्रदेश संगठन मंत्री ने 14 कार्यक्रमों के लिए प्रदेश स्तरीय एक-एक संयोजक तथा एक-एक सहसंयोजक की टोली तथा उनके नामों की घोषणा की। उन्होंने भाजपा झारखंड के सभी प्रदेश पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों तथा कार्यकर्ताओं से इन कार्यक्रमों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया।

इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र राय, दीपक प्रकाश, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, बालमुकुंद सहाय, भानु प्रताप शाही, सुनील सोरेन, मुनेश्वर साहू, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी, मनोज सिंह, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, अमरदीप यादव, अमित सिंह एवं शालिनी बैसिखियार, हेमन्त दास सहित अन्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story