भाजपा कार्यकर्ताओं पर उत्पीड़न के खिलाफ भाजपा करेगी आंदोलन : आदित्य

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा कार्यकर्ताओं पर उत्पीड़न के खिलाफ भाजपा करेगी आंदोलन : आदित्य


चतरा, 15 जुलाई (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने चतरा में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश कोषाध्यक्ष श्रीनिवास कुमार की गिरफ्तारी को राजनीतिक प्रतिशोध से प्रेरित बताते हुए राज्य सरकार और प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

रांची से चतरा मंडल कारा पहुंच कर प्रदेश अध्यक्ष ने बुधवार को भाजयुमो कोषाध्यक्ष श्रीनिवास और जिला मीडिया प्रभारी काली यादव से मुलाकात करने के बाद चतरा सर्किट हाउस में प्रेस को संबोधित करतेे हुए राज्य सरकार पर हमला बोला।

उन्होंने कहा कि झारखंड में अवैध जुआ, अपराध और भ्रष्टाचार जैसे गंभीर मामलों पर आवाज उठाने वालों को संरक्षण देने के बजाय उन्हें ही झूठे मामलों में फंसाकर जेल भेजा जा रहा है। यह लोकतांत्रिक व्यवस्था और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र, लोकलाज से चलता है, लेकिन राज्य सरकार लोकलाज को भूल चुकी है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के युवा

कार्यकर्ता ने चतरा में हो रहे अवैध खनन, अवैध ढुलाई के विरोध में आवाज उठाया तो कई तरह के आरोप लगाकर उन्हें जेल भेज दिया गया। श्रीनिवास लगातार स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली, अवैध गतिविधियों और अधिकारियों की कथित अनियमितताओं को उजागर कर रहे थे। इसके बाद उन्हें लगातार धमकियां दी गईं कि यदि उन्होंने आवाज उठाना बंद नहीं किया तो उन्हें जेल भेज दिया जाएगा। दुर्भाग्यपूर्ण है कि वही आशंकाएं सच साबित हुईं।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसी भी कीमत पर अपने कार्यकर्ताओं का राजनीतिक उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं करेगी। राज्य सरकार प्रशासन का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है, जिसे जनता देख रही है।

मौके पर प्रदेश अध्यक्ष ने मांग किया कि श्रीनिवास सहित भाजपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज झूठे और दुर्भावनापूर्ण मुकदमों की निष्पक्ष समीक्षा कर उन्हें तत्काल वापस लिया जाए और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

उन्होंने कहा कि यदि निर्दोष कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न नहीं रुका और झूठे मुकदमे वापस नहीं लिए गए, तो भारतीय जनता पार्टी राज्य भर में लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन चलाने के लिए बाध्य होगी।

इसके अलावा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने पिछले दिनों अनियंत्रित कोयला परिवहन के कारण हाइवा की चपेट में आकर मारे गए ग्राम बिराजपुर निवासी सीआरपीएफ के जवान लक्ष्मण यादव और सहदेव यादव के आवास पर पहुंचकर दिवंगत आत्माओं के चित्र पर पुष्पांजलि कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मिलकर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

मौके पर उन्होंंने कहा कि यह अपूरणीय क्षति कभी पूरी नहीं की जा सकती। उन्होंने हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहने एवं हर संभव सहयोग का उन्होंने भरोसा दिया। उन्हाेंने कहा कि यह घटना प्रशासन की लापरवाही और अनियंत्रित कोयला परिवहन व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करती है। अवैध परिवहन एवं ढुलाई के कारण यहां सैकड़ों लोगों की असमय मौत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जनता की जान से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सरकार एवं प्रशासन से दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी हृदयविदारक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी एवं ठोस कदम उठाए जाने की भी मांग की।

मौके पर प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, सांसद कालीचरण सिंह, विधायक उज्जवल दास, भाजपा जिला अध्यक्ष रामदेव भोक्ता सहित भाजपा के अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story