महंगाई से परेशान जनता का दर्द दिख नहीं रहा भाजपा को : कमलेश
रांची, 16 मई (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में सीएनजी पेट्रोल डीजल, दूध और दही के दामों में वृद्धि के खिलाफ शनिवार को केंद्र सरकार का पुतला दहन किया।
रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर आयोजित कार्यक्रम के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि जब देश में संकट की शुरुआत हुई थी तब भाजपा पांच राज्यों के चुनाव प्रचार में व्यस्त थी। उन्होंने कहा कि वर्षों से लाभ कमा रही तेल कंपनियों के थोड़े नुकसान से भाजपा को परेशानी हो रही है, लेकिन 140 करोड़ जनता की परेशानी उसे दिखाई नहीं दे रही है।
उन्होंने कहा कि देश में थोक महंगाई दर 42 महीने के उच्चतम स्तर पर 8.3 प्रतिशत पर पहुंच गई है और दैनिक उपभोग की वस्तुओं के दामों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इससे आम लोगों के घर और रसोई का बजट गड़बड़ा गया है।
देश की जनता ने जिनके हाथों में सत्ता सौंपा आज उनकी ओर याचक की तरह देख रही है। देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ चरमरा गई है, विफल आर्थिक और विदेश नीति साफ दिख रही है। केंद्र सरकार के मंत्री और उनके पदचिन्हों पर चलने वाले नेता साइकिल, बस, मेट्रो इ-रिक्शा से चलने का दिखावा कर रहे हैं। जनता को ठोस समाधान चाहिए, झूठी और कोरी गप्पबाजी नहीं।
कार्यक्रम में पार्टी के विधायक दल के उप नेता राजेश कच्छप, विधायक नमन विक्सल कोनगाड़ी, सुरेश बैठा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, शहजादा अनवर, रविंद्र सिंह, संजय लाल पासवान, राकेश सिन्हा, जयप्रकाश गुप्ता, आलोक कुमार दुबे, लाल किशोरनाथ शाहदेव, सोनाल शांति, अभिलाष साहू, प्रेम प्रकाश नाथ शाहदेव, कुमार राजा सहित अन्य उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

