निशा भगत को न्याय दिलाने के लिए सड़क पर उतरी भाजपा, मशाल जुलूस निकाल की न्याय की मांग

WhatsApp Channel Join Now
निशा भगत को न्याय दिलाने के लिए सड़क पर उतरी भाजपा, मशाल जुलूस निकाल की न्याय की मांग


निशा भगत को न्याय दिलाने के लिए सड़क पर उतरी भाजपा, मशाल जुलूस निकाल की न्याय की मांग


रांची, 10 नवंबर (हि.स.)। आदिवासी बेटी एवं सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की आत्महत्या मामले में न्याय, आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी तथा पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी, रांची महानगर जिला के तत्वावधान में विशाल मशाल जुलूस निकाला गया।

एसटी मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सह पूर्व सांसद एवं भाजपा के वरिष्ठ आदिवासी नेता समीर उरांव के नेतृत्व में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से हाथों में जलती मशालें, मांगों से संबंधित तख्तियां एवं पार्टी का झंडा लेकर जुलूस निकाला। जुलूस विभिन्न मार्गों से होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने निशा भगत को न्याय दिलाने, दोषियों की गिरफ्तारी और सीबीआई जांच की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की। अल्बर्ट एक्का चौक पर कार्यकर्ताओं ने घंटों प्रदर्शन कर राज्य सरकार से इस मामले में जवाबदेही तय करने और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की।

इस अवसर पर समीर उरांव ने कहा कि निशा भगत केवल एक महिला नहीं, बल्कि आदिवासी समाज के अधिकारों, अस्मिता, संस्कृति, परंपरा और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाली एक मुखर आवाज थीं। वह लगातार धर्मांतरण के मुद्दे, आदिवासी जमीन की कथित अवैध खरीद-बिक्री और जमीन दलालों के खिलाफ आवाज उठा रही थीं। उन्होंने अपनी सुरक्षा और उत्पीड़न को लेकर भी सार्वजनिक रूप से चिंता व्यक्त की थी। इसके बावजूद यदि समय रहते उनकी शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई हुई होती, तो शायद आज स्थिति कुछ और होती। यह पूरे प्रशासनिक तंत्र की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।

उरांव ने कहा कि निशा भगत की मौत को सामान्य घटना मानकर इसकी लीपापोती करने की किसी भी कोशिश को स्वीकार नहीं किया जाएगा। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों, निशा भगत के अंतिम वीडियो, उनकी शिकायतों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच होनी चाहिए। मामले में दर्ज प्राथमिकी के बावजूद परिवार एवं समाज की शंकाओं को दूर करने के लिए स्वतंत्र एवं निष्पक्ष सीबीआई जांच आवश्यक है। जब तक पूरे मामले की सच्चाई सामने नहीं आती और दोषियों को कानून के अनुसार सजा नहीं मिलती, भाजपा का संघर्ष जारी रहेगा।

पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर ने कहा कि झारखंड की धरती पर आदिवासी बेटियों और अन्य के साथ हो रही घटनाएं अत्यंत चिंताजनक हैं। संध्या टोप्पो, रूपा तिर्की, सूर्या हांसदा और सोमा उरांव से जुड़े मामलों ने भी आदिवासी समाज के मन में अनेक सवाल और पीड़ा पैदा की है। इन मामलों की निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार का दायित्व है। निशा भगत भी आदिवासी समाज के अधिकारों और अपनी जमीन, संस्कृति एवं पहचान की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही थीं। उनकी मौत के मामले में उठ रहे सवालों का जवाब मिलना चाहिए। उन्होंने मांग की कि सरकार संवेदनशीलता दिखाते हुए मामले की सीबीआई जांच की अनुशंसा करे तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए ठोस कदम उठाए।

मशाल जुलूस में अशोक बड़ाईक, पिंकू खोया, रवि मुंडा, रेणु तिर्की, नकुल तिर्की, प्रदीप लकड़ा, बिरसा पाहन, सीमा सिंह, सुबोध सिंह गुड्डू, मनोज मिश्रा, सीमा शर्मा, सूरज चौरसिया, बलराम सिंह, जितेंद्र वर्मा, सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775104 Articles

Share this story