भाजपा ने धुर्वा से लापता मासूम बच्चों की बरामदगी की मांग को लेकर निकाला मशाल जुलूस, प्रशासन से जल्द कार्रवाई की अपील

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा ने धुर्वा से लापता मासूम बच्चों की बरामदगी की मांग को लेकर निकाला मशाल जुलूस, प्रशासन से जल्द कार्रवाई की अपील


रांची, 13 जून (हि.स.)। रांची के धुर्वा क्षेत्र से पिछले 12 दिनों से लापता तीन मासूम बच्चों करण, अर्जुन और शिवा नायक की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को मशाल जुलूस निकाला। इस जुलूस में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, महिलाएं, युवा और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए और बच्चों की शीघ्र खोजबीन की मांग उठाई।

यह जुलूस भाजपा धुर्वा मंडल के तत्वावधान में मंडल अध्यक्ष उमेश यादव के नेतृत्व में शालीमार बाजार (स्टेडियम रोड) से शुरू होकर पुराना विधानसभा चौक तक निकाला गया। जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में मशालें लेकर बच्चों की सुरक्षित वापसी की मांग करते हुए प्रशासन से तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की अपील की।

इस अवसर पर भाजपा रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि तीन मासूम बच्चों का इतने दिनों तक लापता रहना अत्यंत गंभीर और पीड़ादायक स्थिति है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और प्रशासन को इस मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से युद्धस्तर पर खोज अभियान चलाना चाहिए।

वरुण साहू ने कहा कि जब तक बच्चे सकुशल अपने परिवार के बीच वापस नहीं लौट आते, तब तक भाजपा शांत नहीं बैठेगी। उन्होंने प्रशासन से विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित कर सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच करने की मांग की।

भाजपा नेता ने कहा कि यह मामला केवल तीन परिवारों की चिंता नहीं है, बल्कि पूरे रांची शहर और समाज की संवेदनशीलता से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने कहा कि मासूम बच्चों की सुरक्षा किसी भी सभ्य समाज और सरकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बच्चों का सुराग नहीं मिलता है, तो भाजपा चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होगी।

मशाल जुलूस के दौरान शामिल लोगों ने बच्चों की सकुशल वापसी के लिए प्रार्थना की और प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए विभिन्न नारे लगाए। उपस्थित लोगों ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि झारखंड की जनता इस मामले पर नजर बनाए हुए है और सभी लोग बच्चों की सुरक्षित वापसी की आशा कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से खोज अभियान को और तेज करने की मांग की।

मशाल जुलूस में पूर्व जिला अध्यक्ष के.के. गुप्ता, महामंत्री बलराम सिंह, जितेंद्र वर्मा, उमेश यादव, राकेश भास्कर, पंकज शहदेव सहित कई भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके अलावा गुमशुदा बच्चों की मां डोली देवी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, महिलाएं और सामाजिक कार्यकर्ता भी शामिल हुए।

जुलूस के अंत में सभी ने एक स्वर में बच्चों की शीघ्र और सुरक्षित बरामदगी की कामना की तथा प्रशासन से संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई करने की मांग दोहराई।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story