झारखंड ट्रेजरी घोटाला: भाजपा ने की सीबीआई जांच और श्वेत पत्र की मांग

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड ट्रेजरी घोटाला: भाजपा ने की सीबीआई जांच और श्वेत पत्र की मांग


रांची, 11 मई (हि.स.)। झारखंड में सामने आए कथित ट्रेजरी घोटाले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य सरकार पर हमला बोला है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद आदित्य प्रसाद साहू ने सोमवार को मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि विभिन्न जिलों से ट्रेजरी के माध्यम से करोड़ों रुपये की अवैध निकासी की जो जानकारी सामने आ रही है, वह अत्यंत गंभीर और चिंताजनक है।

आदित्य साहू ने कहा कि यह मामला संयुक्त बिहार के चर्चित पशुपालन घोटाले की याद दिलाता है और इसकी गंभीरता उससे भी अधिक हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि महालेखाकार (सीएजी) की रिपोर्ट से स्पष्ट संकेत मिलते हैं कि अनियमितताओं का दायरा काफी व्यापक है और इसमें केवल निचले स्तर के कर्मचारी ही नहीं, बल्कि प्रणाली से जुड़े प्रभावशाली लोगों की भूमिका भी हो सकती है।

भाजपा ने राज्य सरकार की अब तक की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। पार्टी अध्यक्ष का कहना है कि सरकार केवल औपचारिक कदम उठाकर मामले को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ छोटे कर्मचारियों या पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी दिखाकर सरकार अपनी जिम्मेदारी से बचना चाहती है, जबकि इस मामले में निष्पक्ष और व्यापक जांच की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में भाजपा ने राज्य सरकार से श्वेत पत्र जारी करने की भी मांग की है, जिसमें यह स्पष्ट किया जाए कि किन जिलों में कितनी अवैध निकासी हुई, महालेखाकार ने किन अनियमितताओं की ओर संकेत किया और अब तक किन अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है।

आदित्य साहू ने मुख्यमंत्री से पांच प्रमुख सवालों के जवाब भी मांगे हैं। इनमें विभिन्न जिलों में दर्ज मामलों की जांच की स्थिति, ई-कुबेर पोर्टल में कथित छेड़छाड़, डीडीओ और ट्रेजरी अधिकारियों की भूमिका, ऑडिट प्रक्रिया तथा जांच समितियों की समयसीमा जैसे मुद्दे शामिल हैं।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जिन अधिकारियों पर वित्तीय निगरानी और ऑडिट की जिम्मेदारी थी, वे ही अब सवालों के घेरे में हैं। उनका कहना है कि सरकार केवल “जांच जारी है” कहकर अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकती। अंत में उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार शीघ्र सीबीआई जांच की अनुशंसा करे, ताकि पूरे मामले का सच सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story