झारखंड के सभी जिलों में 17 अप्रैल को बिजली के मुद्दे पर भाजपा करेगी बड़ा प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now


झारखंड के सभी जिलों में 17 अप्रैल को बिजली के मुद्दे पर भाजपा करेगी बड़ा प्रदर्शन


रांची, 07 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड के सभी जिलों में 17 अप्रैल को बिजली के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदर्शन करेगी। यह निर्णय झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में गठित नई टीम के प्रदेश पदाधिकारियों की पहली बैठक में लिया गया।

प्रदेश कार्यालय में हुई बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह मुख्य रूप से मौजूद थे। बैठक प्रारंभ होने के साथ सबसे पहले सभी नए पदाधिकारियों का प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की ओर से अभिनंदन एवं स्वागत किया गया। साथ ही सभी को नए दायित्व की शुभकामनाएं दी गईं।

मौके पर आदित्य साहू ने कहा कि यह पद नहीं जिम्मेवारी है। पार्टी की नीतियों कार्यक्रमों को धरातल पर उतारने की बड़ी जिम्मेवारी है। इसे प्रदेश पदाधिकारी एक टीम भावना के साथ पूरा करें।

उन्होंने कहा कि एक तरफ देश में पिछले 12 वर्षों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गांव, गरीब, किसान, दलित, आदिवासी और पिछड़ा वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा। देश का स्वाभिमान व सम्मान बढ़ रहा है। वहीं दूसरी ओर आम आदमी झारखंड की वर्तमान सरकार से ऊब चुका है।

आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा ने अलग राज्य का गठन कराया है । हम इसे लूटते बर्बाद होते नहीं देख सकते। उन्होंने कहा कि नई जिम्मेवारियों के साथ हम राजनीतिक मैदान में उतरेंगे, तो हमें चैन से नहीं बैठना है और इस अत्याचारी सरकार को जड़ से उखाड़ फेंकने का संकल्प पूरा करना है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2029 में झारखंड में डबल इंजन की सरकार बनाना ही पार्टी का लक्ष्य है। आत्मनिर्भर भारत का संकल्प तभी पूरा होगा जब झारखंड में डबल इंजन की सरकार बनेगी। राज्य की जनता हमारे साथ है। आप पदाधिकारियों पर बड़ी जिम्मेवारी है। उन्होंने सभी पदाधिकारी से राज्य सरकार के काले कारनामों को अपने अपने स्तर से जनता के समक्ष लाने की बात भी कही।

इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि इस सरकार से जनता त्रस्त हो चुकी है। सरकार लगातार जनविरोधी निर्णय ले रही है। हेमंत सोरेन की सरकार में जनहित का कोई काम नहीं हो रहा है। कह सकते हैं कि हेमंत सरकार देश की सबसे भ्रष्ट सरकार है। भाजपा की नवगठित टीम में ऊर्जावान नेताओं की फौज है। उन्होंने नए पदाधिकारियों से राज्य सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए संकल्पित होने का आह्वान किया।

संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी पदाधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने के साथ पदाधिकारियों को लगातार सांगठनिक दौरा करने का भी निर्देश दिया।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाऊरी ने बैठक में लिए गए निर्णयों को विस्तार पूर्वक सामने रखा। अमर बाउरी ने कहा कि प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक के दौरान राजनीतिक हालात और सांगठनिक मुद्दों पर विस्तार पूर्वक चर्चा हुई। कुछ भावी आंदोलन की रूपरेखा बनाई गई है। साथ ही वर्तमान में चल रहे पार्टी के स्थापना दिवस और राज्यव्यापी प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफलता पूर्वक अमलीजामा पहनाने पर गहन मंथन हुआ।

पार्टी के वरीय नेताओं ने इसको लेकर कई निर्देश भी दिया है। 14 अप्रैल को डॉ. भीम राव आंबेडकर की जन्म जयंती को सांगठनिक स्तर पर मनाने के संबंध में भी सभी पदाधिकारी को निर्देशित किया गया। इस दिन सभी जिलों में बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता के कार्यालय के समक्ष बिजली कटौती, बिजली दर में वृद्धि एवं बिजली बिल की विसंगतियों से आम लोगों की हो रही परेशानी के मुद्दे पर जोरदार प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया। बिजली के बाद अगला मुद्दा पानी का होगा, जिसपर पार्टी बड़ा आंदोलन करने की तैयारी में है।

बैठक के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, आभा महतो, बालमुकुंद सहाय, भानू प्रताप शाही, डॉ. प्रदीप वर्मा, सुनील सोरेन, मुनेश्वर साहू एवं गीता कोड़ा, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा एवं अमर कुमार बाउरी, प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा, शैलेन्द्र सिंह, सुनिता सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story