जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों को लेकर भाजपा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला

WhatsApp Channel Join Now
जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों को लेकर भाजपा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला


रांची, 06 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को रांची के कार्निवल बैंक्वेट हॉल में भाजपा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई।

इसमें भगवान बिरसा मुंडा की विरासत, जनजातीय समाज के सम्मान और उसकी समृद्ध संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा की गई। कार्यशाला में आयोजन को भव्य और ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया गया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि पार्टी इस पखवाड़े को सिर्फ एक अनुष्ठान नहीं, बल्कि जनजातीय स्वाभिमान के महाअभियान के रूप में लेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश से लेकर पंचायत स्तर तक का हर एक कार्यकर्ता इस अभियान में अपनी पूरी ताकत झोंक देगा। उद्देश्य साफ है कि हमारे महान स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों के संघर्ष को नई पीढ़ी तक पहुंचाना, क्योंकि आदिवासी समाज का सम्मान और अधिकार भाजपा की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

कार्यशाला में जनजातीय समाज के स्वाभिमान और सांस्कृतिक पहचान को प्रमुखता से सामने लाने पर जोर दिया गया। पार्टी नेताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और योगदान को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने की बात कही।

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए केंद्र सरकार के ऐतिहासिक फैसलों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में घोषित किया गया था। यह फैसला इस बात का गवाह है कि भाजपा सरकार ने पहली बार देश के गुमनाम आदिवासी नायकों के बलिदान और उनके ऐतिहासिक योगदान को राष्ट्रीय फलक पर उचित पहचान दिलाई है।

बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और मधु कोड़ा शामिल हुए। रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव, विधायक नवीन जायसवाल और एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सनी टोप्पो सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773656 Articles

Share this story