भाजपा ने धरना देकर सरकार पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा ने धरना देकर सरकार पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप


देवघर, 19 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रखंड कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन कर हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने सरकार पर जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं करने और राज्य में भ्रष्टाचार तथा अव्यवस्था बढ़ने का आरोप लगाया।

धरना को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान शासनकाल में राज्य में अराजकता और लूट का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड के बालू, कोयला, मिट्टी और गिट्टी जैसे प्राकृतिक संसाधनों का बड़े पैमाने पर दोहन हो रहा है, जबकि आम जनता को बालू जैसी आवश्यक सामग्री के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। नेताओं ने यह भी कहा कि सरकारी कार्यालयों में बिना पैसे के कार्य नहीं हो रहे हैं और लोग बिजली, पानी और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हैं। किसानों से किए गए वादों को पूरा नहीं करने का भी आरोप सरकार पर लगाया गया।

सोना धारी झा ने कहा कि झारखंड की महिलाएं सरकार की नीतियों से नाराज हैं और आने वाले समय में इसका असर चुनाव परिणामों में दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि प्रखंड कार्यालयों में महिलाओं को छोटे-छोटे बच्चों के साथ घंटों चक्कर लगाना पड़ता है, फिर भी उनका काम समय पर नहीं हो पाता।धरना-प्रदर्शन में महिलाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम के अंत में नेताओं ने कहा कि राज्य की जनता आगामी चुनावों में सरकार को जवाब देगी।

धरना में पूर्व विधायक नारायण दास, वरिष्ठ भाजपा नेता विपिन देव, पंकज सिंह भदौरिया सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और महिला समर्थक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story