राज्यकर्मियों के वेतन भुगतान पर भ्रम फैला रही भाजपा : झामुमो
रांची, 11 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने राज्य में वेतन भुगतान में हो रही देरी को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को हर बात में भ्रम फैलाने की आदत है। यह समस्या तकनीकी और प्रक्रियागत कारणों से उत्पन्न हुई है, जिसे जल्द ही दूर कर लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हर वर्ष इस समय इस प्रकार की स्थिति बनती है। इसमें किसी तरह की वित्तीय संकट की बात नहीं है। राज्य सरकार कर्मचारियों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वेतन भुगतान की प्रक्रिया जल्द सामान्य कर दी जाएगी। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य की वित्तीय स्थिति को लेकर जानबूझकर भ्रम फैलाया जा रहा है, यह गलत है। भाजपा पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने अपने शासनकाल में वित्तीय अनुशासन को कमजोर किया, वे आज बेवजह सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार पारदर्शी वित्तीय प्रबंधन के साथ विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है और जनता के हित में काम कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

