सत्ता में रहकर विरोध का नाटक, यही कांग्रेस-झामुमो का असली राजनीतिक चरित्र है: प्रतुल

WhatsApp Channel Join Now
सत्ता में रहकर विरोध का नाटक, यही कांग्रेस-झामुमो का असली राजनीतिक चरित्र है: प्रतुल


रांची, 31 मार्च (हि.स.)। झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा पर की सरकार आड़े हाथों लेते हुए राज्य की मौजूदा स्थिति को उनकी “दोहरी राजनीति” का परिणाम बताया है।

मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि एक ओर कांग्रेस सत्ता में रहकर मंत्री पदों का लाभ उठा रही है, वहीं दूसरी ओर उसी सरकार की कानून-व्यवस्था, शिक्षा और प्रशासनिक विफलताओं पर सवाल उठा रही है। उन्होंने कांग्रेस के इस रवैये पर सवाल खड़ा करते हुए पूछा कि यदि सरकार इतनी ही असफल है, तो कांग्रेस सत्ता में क्यों बनी हुई है।

प्रतुल शाहदेव ने कांग्रेस के प्रभारी के. राजू और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के बयानों का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने खुद स्वीकार किया है कि राज्य की पुलिस व्यवस्था निष्क्रिय है, कानून-व्यवस्था चौपट है, महिलाओं की सुरक्षा खतरे में है और शिक्षा व्यवस्था चरमरा गई है। ऐसे में कांग्रेस की भूमिका पर गंभीर सवाल उठते हैं।

उन्होंने विष्णुगढ़ की एक युवती की हत्या के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि एक सप्ताह तक चुप्पी साधे रखने के बाद कांग्रेस अब प्रतिक्रिया दे रही है, जबकि भाजपा ने पहले ही पीड़ित परिवार से मिलकर सहायता पहुंचाई। इस मामले को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में 3 अप्रैल को झारखंड बंद का आह्वान भी किया गया है।

भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के प्रभारी के. राजू ने मुख्यमंत्री के अधीन खनन विभाग पर “माइनिंग माफिया” के प्रभाव की बात कही है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा है, तो कांग्रेस को इस मुद्दे पर स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए और कार्रवाई करनी चाहिए।

प्रतुल शाहदेव ने कहा कि कांग्रेस न तो माइनिंग माफिया के खिलाफ कोई ठोस आंदोलन कर रही है और न ही अपने बयानों पर अमल कर रही है, बल्कि आंदोलन करने वाले अपने ही नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करवा रही है।

उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जब झामुमो के नेता ही कांग्रेस को “जहरीला सांप” बता रहे हैं, तो फिर उसी के साथ गठबंधन बनाए रखना राजनीतिक अवसरवाद को दर्शाता है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यह गठबंधन पूरी तरह स्वार्थ और सत्ता की राजनीति पर आधारित है, जिसका खामियाजा राज्य की जनता को भुगतना पड़ रहा है। साथ ही उन्होंने जनता से अपील की कि वे ऐसी “दोहरे चरित्र” वाली राजनीति को समझें और इसे नकारें।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story