झारखंड भाजपा ने सांगठनिक विस्तार की तय की समय-सीमा, प्रमंडल और मोर्चा प्रभारियों को सौंपी जिम्मेदारी

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड भाजपा ने सांगठनिक विस्तार की तय की समय-सीमा, प्रमंडल और मोर्चा प्रभारियों को सौंपी जिम्मेदारी


- 10 नवंबर तक जिला-मंडल कार्यसमिति और 15 दिसंबर तक बूथ समितियों का गठन पूरा करने का लक्ष्य

रांची, 26 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड प्रदेश इकाई ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और सांगठनिक संरचना का गठन निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने की कवायद तेज कर दी है। पार्टी की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में लिए गए निर्णयों पर अमल करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर सोमवार को विभिन्न प्रमंडलों और मोर्चों के प्रभारियों की घोषणा की गई। इन पदाधिकारियों को संगठन विस्तार के कार्यों में समन्वय और निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने बताया कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में संगठन को जमीनी स्तर तक सक्रिय और मजबूत बनाने का निर्णय लिया गया था। इसी के तहत सांगठनिक संरचना के गठन के लिए अलग-अलग समय-सीमा निर्धारित की गई है। जिला एवं मंडल कार्यसमितियों का गठन 10 नवंबर तक, प्रदेश एवं जिला मोर्चा समितियों का गठन 20 नवंबर तक और शक्ति केंद्रों की संरचना 30 नवंबर तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, बूथ स्तर की समितियों का गठन 15 दिसंबर तक पूरा किया जाएगा। प्रकोष्ठों और विभागों की सांगठनिक संरचना भी 30 नवंबर तक तैयार करने का निर्देश दिया गया है।

बाउरी ने बताया कि सांगठनिक गतिविधियों को गति देने के लिए प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों, मंडल अध्यक्षों, मंडल प्रभारियों और मोर्चा अध्यक्षों को सात दिनों की प्रवास योजना तैयार करने का निर्देश दिया गया है। इसका उद्देश्य संगठन के पदाधिकारियों की जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाना और निर्धारित समय के भीतर सांगठनिक कार्यों को पूरा करना है।

अमर बाउरी ने बताया कि सांगठनिक कार्यों के समन्वय और निगरानी के लिए छह प्रमंडलों में प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। कोल्हान प्रमंडल का प्रभारी प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा को बनाया गया है। संथाल परगना की जिम्मेदारी प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय और धनबाद की जिम्मेदारी प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सोरेन को दी गई है।

इसी तरह दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल का प्रभारी प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, पलामू का प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी और हजारीबाग प्रमंडल का प्रभारी प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह को बनाया गया है। सभी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सांगठनिक संरचना के गठन की प्रक्रिया को समय पर पूरा कराने की जिम्मेदारी दी गई है।

प्रदेश महामंत्री बाउरी ने बताया कि पार्टी के विभिन्न मोर्चों की सांगठनिक संरचना को पूरा करने के लिए भी प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा को किसान मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा और अल्पसंख्यक मोर्चा की जिम्मेदारी दी गई है।

वहीं, प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी को अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा और युवा मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है। प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह को महिला मोर्चा और अनुसूचित जनजाति मोर्चा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बाउरी ने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति में निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप संगठन विस्तार की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सभी संबंधित पदाधिकारियों को तय समय-सीमा के भीतर सांगठनिक संरचना पूरी करने और बूथ स्तर तक पार्टी की गतिविधियों को गति देने का निर्देश दिया गया है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767272 Articles

Share this story