संविधान की रक्षा और बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना भाजपा का संकल्प : आदित्य साहू

WhatsApp Channel Join Now
संविधान की रक्षा और बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना भाजपा का संकल्प : आदित्य साहू


संविधान की रक्षा और बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना भाजपा का संकल्प : आदित्य साहू


रांची, 26 नवंबर (हि.स.)। झारखंड प्रदेश भाजपा के तत्वावधान में संविधान गौरव दिवस के अवसर पर गुरुवार को डिबडीह स्थित कार्निवल बैंक्वेट हॉल में प्रदेश स्तरीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों, संविधान निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान तथा संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के संकल्प पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कहा कि देश आज जिस दौर से गुजर रहा है, उसमें बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान की मूल भावना, उसके मूल्यों और आदर्शों का पालन करना हम सभी का दायित्व है। बाबा साहेब ने देश को ऐसा संविधान दिया, जिसने प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और अपनी सरकार चुनने का अवसर प्रदान किया।

उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिस महापुरुष ने देश को संविधान दिया, कांग्रेस ने उनके जीवनकाल में भी उनका अपमान किया और उनके निधन के बाद भी उन्हें उचित सम्मान नहीं दिया। उनके अंतिम संस्कार और समाधि स्थल के लिए देश की राजधानी दिल्ली में स्थान तक उपलब्ध नहीं कराया गया। 1952 के चुनाव में भी कांग्रेस ने षड्यंत्रपूर्वक बाबा साहेब को संसद पहुंचने से रोकने का प्रयास किया। कांग्रेस के राजनीतिक चरित्र को समझने के लिए ये घटनाएं पर्याप्त हैं।

संविधान और बाबा साहेब के सम्मान में मोदी सरकार ने किया ऐतिहासिक कार्य : निवेदिता सिंह

बिहार विधानसभा की सदस्य एवं झारखंड प्रदेश भाजपा की सह-प्रभारी निवेदिता सिंह ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर हम सबके दिलों में बसते हैं। उन्होंने संविधान के माध्यम से देश के प्रत्येक नागरिक को अपनी सरकार चुनने का अधिकार दिया। आज देश की 140 करोड़ जनता के जनादेश से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने हैं।

संविधान की आत्मा लोकतंत्र है, कांग्रेस ने बार-बार किया इसका अपमान : संजय सेठ

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि लोकतंत्र की आत्मा संविधान है और भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। कुछ लोग संविधान की पुस्तक लेकर घूमते हैं, लेकिन उन्हें राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास से कोई सरोकार नहीं है। वे देश को नीचा दिखाने का कोई अवसर नहीं छोड़ते।

उन्होंने सवाल उठाया कि बाबा साहेब जैसे महान संविधान निर्माता को उनके जीवनकाल में उचित सम्मान क्यों नहीं दिया गया। उन्हें भारत रत्न देने में इतना लंबा इंतजार क्यों करना पड़ा। जिस महापुरुष ने देश को एक सूत्र में बांधने वाला विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान दिया, उनके योगदान को कांग्रेस ने क्यों नजरअंदाज किया।

बाबा साहेब के अपमान का इतिहास कांग्रेस कभी मिटा नहीं सकती : दीपक प्रकाश

भाजपा राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य दीपक प्रकाश ने कहा कि आज का दिन अत्यंत पवित्र और गौरवपूर्ण है। हम उस महान संविधान का गौरव दिवस मना रहे हैं, जिसके शिल्पकार बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर थे। उन्होंने संविधान को व्यवस्थित अनुच्छेदों में पिरोकर देश के नागरिकों के लिए अधिकारों और कर्तव्यों का सशक्त आधार तैयार किया।

संविधान की नैतिकता केवल कानून का पालन नहीं, संस्थाओं का सम्मान भी : राजेंद्र कृष्णा

संविधान के जानकार एवं अधिवक्ता राजेंद्र कृष्णा ने उपस्थित लोगों को संविधान के पूर्ण पालन की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता केवल संविधान की विवेचना करने की नहीं, बल्कि यह आत्ममंथन करने की है कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के उद्देश्यों की कितनी पूर्ति हुई है और संविधान में प्रदत्त अधिकारों का लाभ देश के अंतिम व्यक्ति तक कितना पहुंचा है।

उन्होंने कहा कि संवैधानिक नैतिकता का अर्थ केवल संविधान में लिखे कानूनों का अनुपालन करना नहीं है, बल्कि संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना भी है। संविधान की मूल संरचना और संवैधानिक मूल्यों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ उचित नहीं है। संगोष्ठी में प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी, राष्ट्रीय संगठक नागेंद्र नाथ त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष यदुनाथ पांडेय, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बालमुकुंद सहाय, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783867 Articles

Share this story