भाजपा दो नवंबर से शुरू करेगी ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा, पहले चरण में छह जिले शामिल

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा दो नवंबर से शुरू करेगी ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा, पहले चरण में छह जिले शामिल


रांची, 31 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) झारखंड में दो नवंबर से ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा शुरू करेगी। पहले चरण में राज्य के छह जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान की शुरुआत रांची से होगी। इसके बाद तीन नवंबर को गिरिडीह और हजारीबाग, चार नवंबर को पलामू तथा पांच नवंबर को जमशेदपुर और दुमका में पदयात्रा निकाली जाएगी। छठ महापर्व के बाद राज्य के शेष जिलों में भी यह अभियान चलाया जाएगा।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर अभियान की तैयारी की गई है। प्रत्येक जिले में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए विभिन्न जिलों में कार्यक्रम प्रभारियों की नियुक्ति की गई है।

उन्होंने बताया कि रांची में पदयात्रा की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है। गिरिडीह में अमर कुमार बाउरी, हजारीबाग में पूर्व विधायक बिरंची नारायण, पलामू में प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा, जमशेदपुर में विधायक राज सिन्हा और दुमका में प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा कार्यक्रम का नेतृत्व करेंगे।

मनोज सिंह ने कांग्रेस पर चुनावी हार के बाद चुनाव आयोग सहित संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा इस अभियान के माध्यम से कांग्रेस की कथनी और करनी के अंतर को उजागर करेगी। साथ ही एसआईआर के प्रति लोगों को जागरूक करना भी पदयात्रा का प्रमुख उद्देश्य है।

मनोज सिंह ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव के लिए मतदाता सूची से मृत, स्थानांतरित, दोहरे और अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया जरूरी है। कांग्रेस पर आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की बात करने वाली कांग्रेस को अपने इतिहास का भी जवाब देना चाहिए।

मनोज सिंह के अनुसार, पदयात्रा के दौरान केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। भाजपा का कहना है कि अभियान के जरिए लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने और कांग्रेस के आरोपों का जवाब देने का प्रयास किया जाएगा।------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770142 Articles

Share this story