झारखंड भाजपा 29 जुलाई से 20 फरवरी तक चलाएगी संत रविदास 'समरसता संकल्प अभियान'
रांची, 24 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में 'समरसता संकल्प अभियान' को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य अगले वर्ष 20 फरवरी 2027 को मनाई जाने वाली संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में व्यापक जनजागरण अभियान की रूपरेखा तैयार करना तथा उनके समता, सामाजिक न्याय, सेवा और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना रहा।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि संत रविदास भारतीय संत परंपरा के महान संतों में से एक थे। उन्होंने विषम परिस्थितियों में भारतीय संस्कृति और सामाजिक समरसता की रक्षा का कार्य किया। उनके विचार आज भी समाज को समानता, सद्भाव और मानवता का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा अगले छह माह से अधिक समय तक चलने वाले अभियान के माध्यम से राज्य के गांव-गांव तक संत रविदास के विचारों को पहुंचाएगी।
आदित्य साहू ने बताया कि काशी स्थित संत रविदास की जन्मस्थली से पवित्र मिट्टी लाकर कलश यात्रा निकाली जाएगी। झारखंड में जहां-जहां से यह कलश यात्रा गुजरेगी, वहां भाजपा कार्यकर्ता गाजे-बाजे के साथ भव्य स्वागत करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी संत रविदास के समता, सेवा, भक्ति, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए व्यापक अभियान चलाएगी। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह आज दलितों की बात तो करती है, लेकिन उसने कभी संत रविदास के विचारों और उनके योगदान को उचित सम्मान नहीं दिया।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने अपने संबोधन में कहा कि संत रविदास ने जाति-पाति के भेदभाव को समाप्त कर सामाजिक समरसता स्थापित करने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। उनके आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि मनुष्य अपने कर्म से महान बनता है। संत रविदास ने छुआछूत और जातिवाद जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए जो योगदान दिया, उसके लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा।
कार्यशाला के बाद पत्रकारों से बातचीत में भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने बताया कि संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय टीम के निर्देश पर 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक पूरे देश में 'समरसता संकल्प अभियान' चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य संत रविदास के बताए मार्ग पर चलकर समाज में समरसता, समानता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि संत रविदास ने अपने जीवनकाल में जात-पात, छुआछूत और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ संघर्ष करते हुए समाज को एकता और समानता का संदेश दिया। भाजपा उनके विचारों को गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी संत रविदास ने भारतीय संस्कृति और धार्मिक मूल्यों की रक्षा का संदेश दिया, जिसे आज भी समाज के सामने रखने की आवश्यकता है।
अमर कुमार बाउरी ने बताया कि अभियान के तहत राज्य के सभी मंडलों के मंदिरों में दीपोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा संत रविदास की जन्मस्थली काशी से पवित्र मिट्टी लाने के लिए भाजपा की एक टोली 29 जुलाई को रवाना होगी। यह टोली गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा और रांची होते हुए झारखंड पहुंचेगी। इसके बाद पवित्र मिट्टी को राज्य के विभिन्न मंदिरों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कलश यात्रा के स्वागत के लिए पूरे राज्य में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यशाला में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, बालमुकुंद सहाय, सुनील सोरेन, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी, मनोज सिंह, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष किशुन दास, प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा, सरोज सिंह, सुनीता सिंह, कृष्णा महतो, मनीर उरांव, शालिनी बैसखियार, दीपक बंका, हेमंत दास, सूरज गुप्ता चौरसिया सहित सभी जिलों के अध्यक्ष, प्रभारी, मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी और अभियान से जुड़े जिला स्तरीय टोली प्रमुख उपस्थित थे।------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

