ओलावृष्टि से तबाह फसलों के मुआवजे को लेकर भाजपा का धरना
रामगढ़, 21 मई (हि.स.)। रामगढ़ जिले में हाल ही में हुई ओलावृष्टि से किसानों की बर्बाद हुई फसलों के मुआवजे की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी रामगढ़ कैंट ग्रामीण मंडल के तत्वावधान में गुरुवार को प्रखंड मुख्यालय परिसर में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरने में भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार पर किसानों की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए शीघ्र राहत राशि देने की मांग की। धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा रामगढ़ कैंट ग्रामीण मंडल अध्यक्ष सुशांत कुमार पाण्डेय व संचालन महामंत्री ऋषिकेश सिंह ने किया। जबकि, धन्यवाद ज्ञापन ग्रामीण मंडल अध्यक्ष रूपा देवी दी।
धरना-प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि ओलावृष्टि के कारण किसानों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर गंभीर असर पड़ा है। इसके बावजूद राज्य सरकार की ओर से अब तक प्रभावित किसानों के लिए कोई ठोस राहत योजना नहीं लाई गई है। भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव कुमार बाबला एवं मंडल प्रभारी रिद्धि राज ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के मुद्दों पर संवेदनहीन बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि 'मैया सम्मान योजना' और धान अधिप्राप्ति जैसे मामलों में भी किसानों को लगातार परेशान किया गया है।
धरने को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र किसानों को उचित मुआवजा नहीं दिया, तो भाजपा चरणबद्ध एवं उग्र आंदोलन शुरू करेगी। नेताओं ने कहा कि भाजपा किसानों के अधिकारों के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। प्रमुख वक्ताओं में रंजय कुमार कुंटू बाबू, प्रो संजय प्रसाद सिंह, राजीव जायसवाल, शिव कुमार महतो, महेंद्र प्रजापति, राजीव रंजन प्रसाद, रंजन सिंह फौजी, विजय जायसवाल, सरदार अनमोल सिंह, शीतल सिंह, इला रानी पाठक एवं उमेश प्रसाद सहित कई नेताओं ने सरकार की नीतियों की आलोचना की।
भाजपा नेताओं ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर झारखंड के विभिन्न मंडलों में धरना-प्रदर्शन आयोजित कर किसानों की समस्याओं को उठाया गया। इसी क्रम में रामगढ़ में भी यह कार्यक्रम आयोजित कर राज्य सरकार का ध्यान किसानों की ओर आकृष्ट करने का प्रयास किया गया।
धरना समाप्ति के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) रामगढ़ को सौंपा। ज्ञापन में ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों का सर्वे कर तत्काल मुआवजा देने, फसल क्षति का आकलन कराने तथा किसानों को राहत पैकेज उपलब्ध कराने की मांग की गई।
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता सहदेव ठाकुर, संजय साह, धनंजय कुमार पुटूस, दीपक सोनकर, रमेश करमाली, नमेंदर चंचल, रीति श्रीवास्तव, संतोष शाह, विनीता देवी, सौरव जायसवाल, सुदीप मिश्रा, अमित ठाकुर, मुकेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

