भाजपा शुक्रवार को बढ़ती बिजली दरों और बिजली कटौती को लेकर देगी धरना

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा शुक्रवार को बढ़ती बिजली दरों और बिजली कटौती को लेकर देगी धरना


रांची, 16 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शुक्रवार को झारखंड में बढ़ती बिजली दरों, बिजली कटौती तथा पोस्टपेड मीटर में अनियमित बिलिंग को लेकर एक दिवसीय धरना आयोजित करेगी। पार्टी के कार्यकर्ता सभी जिला मुख्यालयों पर झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के कार्यपालक अभियंता कार्यालय के समक्ष धरना देंगे।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही ने गुरुवार को कहा कि राज्य सरकार की उदासीनता के कारण आम उपभोक्ता भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। एक ओर बिजली दरों में लगातार वृद्धि हो रही है, तो दूसरी ओर बिजली आपूर्ति की स्थिति अत्यंत दयनीय बनी हुई है। पोस्टपेड मीटर के माध्यम से उपभोक्ताओं को मनमाने और त्रुटिपूर्ण बिल थमाए जा रहे हैं, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह जनहित से जुड़ा हुआ है और पार्टी के कार्यकर्ता प्रदेश के सभी जिलों में बड़ी संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। भाजपा इस मुद्दे पर जनता की आवाज बनकर सरकार को जवाबदेह बनाने का कार्य करेग। शाही ने प्रदेशवासियों से भी इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि यह संघर्ष आम जनता के अधिकारों और सुविधाओं की रक्षा के लिए है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story