रांची में दुष्कर्म मामले को लेकर भाजपा का प्रदर्शन, एसएसपी कार्यालय घेराव की कोशिश

WhatsApp Channel Join Now
रांची में दुष्कर्म मामले को लेकर भाजपा का प्रदर्शन, एसएसपी कार्यालय घेराव की कोशिश


रांची, 20 अप्रैल (हि.स.)। रांची में मेडिकल छात्रा के साथ हुए दुष्कर्म मामले को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और कार्यकर्ता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय का घेराव करने पहुंचे।

सैकड़ों की संख्या में पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़िता को जल्द न्याय दिलाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इस गंभीर मामले में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके।

हालांकि, पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को एसएसपी कार्यालय के बाहर ही रोक दिया और उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी। मौके पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, जिससे स्थिति नियंत्रण में रही।

इस संबंध में नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी प्रदर्शनकारियों को बाहर ही रोका गया है। उन्होंने यह भी कहा कि दुष्कर्म मामले में पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा चुकी है और आगे की प्रक्रिया जारी है।

प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और आरोपितों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story