भाजपा ने बबलू मिश्रा प्रकरण पर हेमंत सरकार को घेरा, सुरक्षा और जांच पर उठाए सवाल

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा ने बबलू मिश्रा प्रकरण पर हेमंत सरकार को घेरा, सुरक्षा और जांच पर उठाए सवाल


रांची, 05 मई (हि.स.)। झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता अजय साह ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए बबलू मिश्रा प्रकरण में उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। मंगलवार को आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने सवाल उठाया कि ग्रामीण कार्य विभाग के अभियंताओं को कथित रूप से धमकाने वाला बबलू मिश्रा आखिर कौन है और उसे किसका संरक्षण प्राप्त है।

अजय साह ने कहा कि जिस व्यक्ति पर सरकारी अभियंताओं को डराने-धमकाने, गाली-गलौज करने, अपमानित करने और मनचाहे ठेकेदारों को काम दिलाने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं, उसकी भूमिका की निष्पक्ष और गहन जांच होना आवश्यक है। उन्होंने मांग की कि बबलू मिश्रा के साथ-साथ उसके परिवार के सदस्यों, स्टाफ और निजी सहायकों (पीए) के कॉल रिकॉर्ड की भी जांच कराई जाए।

अजय शाह ने आगे कहा कि ग्रामीण विकास विभाग के कार्यालय में बबलू मिश्रा के आने-जाने से संबंधित सीसीटीवी फुटेज की जांच की जानी चाहिए, ताकि उसके प्रभाव और नेटवर्क का पूरा खुलासा हो सके। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य अभियंता, अभियंता प्रमुख और विभागीय सचिव को भेजे गए पत्र पर 11 दिनों तक कोई कार्रवाई नहीं होना अत्यंत संदेहास्पद है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा मामला उठाए जाने के बाद ही अधिकारी सक्रिय हुए, लेकिन उनका उद्देश्य निष्पक्ष जांच के बजाय मामले की लीपापोती करना था। उन्होंने संबंधित पत्र की फॉरेंसिक जांच कराने की भी मांग की, ताकि उसकी सत्यता सामने आ सके।

अजय साह ने यह भी कहा कि दोनों पत्रों में बबलू मिश्रा का उल्लेख होने के कारण उसकी भूमिका और हस्तक्षेप की जांच अनिवार्य हो जाती है। उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा-कांग्रेस गठबंधन सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि राज्य में “जितना बड़ा भ्रष्टाचारी, उतना बड़ा पदाधिकारी” का मॉडल लागू किया जा रहा है।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि ग्रामीण कार्य विभाग के पूर्व मुख्य अभियंता वीरेंद्र राम को गंभीर आरोपों के बावजूद महत्वपूर्ण पदों पर बनाए रखा गया, जबकि आलमगीर आलम को जेल में रहने के बावजूद प्रदेश कमेटी में स्थान दिया गया।

अजय साह ने कहा कि भले ही ये दोनों अब सीधे तौर पर विभाग में सक्रिय नहीं हैं, लेकिन उनके द्वारा स्थापित कथित भ्रष्टाचार का मॉडल आज भी विभाग में जारी है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

प्रेस वार्ता में भाजपा के मीडिया सह प्रभारी अशोक बड़ाईक भी उपस्थित रहे।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story