झारखंड में अंचल कार्यालय बने लूट के अड्डे, युवाओं के सपनों से खिलवाड़ कर रही सरकार : नीरा यादव

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में अंचल कार्यालय बने लूट के अड्डे, युवाओं के सपनों से खिलवाड़ कर रही सरकार : नीरा यादव


- भाजपा विधायक ने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार और घुसपैठियों को संरक्षण देने का लगाया आरोप- प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में केंद्र सरकार की उपलब्धियों और संगठन की मजबूती पर हुई चर्चा

रांची, 25 अक्टूबर (हि.स.)। कोडरमा की भाजपा विधायक डॉ. नीरा यादव ने रविवार को झारखंड सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य में अंचल कार्यालय लूट के अड्डे बन गए हैं। कभी ट्रेजरी घोटाला तो कभी जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) फंड घोटाला सामने आ रहा है। जंगलों और खनिज संपदा की खुलेआम लूट हो रही है। राज्य की महागठबंधन सरकार केवल नौकरियां ही नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को भी बेच रही है।

डॉ. नीरा यादव रांची के सुकुरहुटू में आयोजित भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के समापन के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में तेजी से जनसांख्यिकीय बदलाव हो रहा है, लेकिन राज्य सरकार के पास इससे निपटने के लिए न कोई ठोस नीति है और न ही स्पष्ट दृष्टिकोण। उन्होंने कहा कि सरकार वोट बैंक की राजनीति के कारण विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का विरोध कर घुसपैठियों को संरक्षण देने में लगी है।

भाजपा विधायक ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने झारखंड राज्य का गठन किया था और अब इसे संवारने का काम भी भाजपा ही करेगी। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय प्रत्येक मंगलवार को कैबिनेट की बैठक होती थी और प्रोजेक्ट भवन में जनता से सीधा संवाद किया जाता था। इसके विपरीत वर्तमान सरकार में 40 दिन बीत जाने के बावजूद कैबिनेट की बैठक नहीं हुई है।

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की जानकारी देते हुए नीरा यादव ने कहा कि इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का मार्गदर्शन मिला। राष्ट्रीय अध्यक्ष को जमीनी स्तर पर संगठन की गहरी समझ है। बैठक में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के रूप में नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के कार्यकाल के दौरान किए गए जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना की गई।

उन्होंने कहा कि देश की विकास यात्रा को निरंतर आगे बढ़ाने और राष्ट्रीय स्वाभिमान की रक्षा के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने अनुच्छेद 370 हटाने, सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे साहसिक निर्णय लिए। उन्होंने दावा किया कि पहले भारतीय सैनिकों के साथ बर्बरता की घटनाएं होती थीं, लेकिन मोदी सरकार ने सेना को सशक्त बनाया है। आज भारत कई देशों को स्वदेशी रक्षा उत्पादों का निर्यात कर रहा है।

नीरा यादव ने राज्य सरकार पर जनजातीय समाज की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि झारखंड आदिवासी बहुल राज्य होने के बावजूद सरकार ने जनजातीय समुदाय के कल्याण के लिए अपेक्षित कार्य नहीं किए। वहीं, केंद्र सरकार ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित कर जनजातीय नायकों को सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि सिदो-कान्हू, तिलका मांझी और फूलो-झानो जैसे वीरों के योगदान को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।

केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए भाजपा विधायक ने कहा कि पहले गरीब परिवारों को कच्चे और जर्जर मकानों में जीवन गुजारना पड़ता था। बारिश के दौरान घरों की छत टपकने से लोगों को भारी परेशानी होती थी। प्रधानमंत्री मोदी ने गरीबों की इस पीड़ा को समझते हुए 2 करोड़ 64 लाख से अधिक परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए।

उन्होंने कहा कि कोविड काल से शुरू हुई मुफ्त अनाज योजना से गरीब परिवारों को खाद्य सुरक्षा मिली है। इसी तरह आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज, हर घर नल से जल और युवाओं को रोजगार से जोड़ने वाली योजनाओं के माध्यम से केंद्र सरकार आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने का प्रयास कर रही है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766582 Articles

Share this story