भाजपा कार्यकर्ताओं ने बूथों पर जनभागीदारी से सुनी पीएम मोदी का 'मन की बात'
रामगढ़, 26 जुलाई (हि.स.)।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'मन की बात' की 136वीं कड़ी का प्रसारण रविवार को किया गया। इस दौरान जिले के सभी बूथों पर पूरे उत्साह और जनभागीदारी के साथ सुना गया। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला, मंडल और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं, बूथ अध्यक्षों, समिति सदस्यों एवं स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देश के वीर जवानों के बलिदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन ने कई विशेष बातों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दुनिया का भरोसा आज भारत की रक्षा प्रणाली और नई तकनीक पर लगातार मजबूत हो रहा है, जो 'आत्मनिर्भर भारत' की ओर बढ़ते कदमों का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
साथ ही प्रधानमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण और 'एक पेड़ मां के नाम' प्राकृतिक संसाधनों को बचाने के लिए बरसात के पानी का संरक्षण (कैच द रेन) करने और सिंगल यूज़ प्लास्टिक का इस्तेमाल पूरी तरह से बंद करने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने सभी देशवासियों को प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए 'एक पेड़ मां के नाम' लगाने की अपील की। वहीं, उन्होंने महिला क्रिकेट टीम की सराहना की। उन्होंने महिला क्रिकेट में मिली बड़ी सफलता और विश्व स्तर पर भारत का नाम रोशन करने के लिए खिलाड़ियों की जमकर तारीफ भी की।
वहीं कार्यक्रम के बाद जिलाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 'मन की बात' कार्यक्रम देश के हर नागरिक में राष्ट्र सेवा, पर्यावरण संरक्षण और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव जगाता है। महिला सशक्तिकरण और स्थानीयों बुनकर हस्तकला सहित कई प्रेरक विषय को जानने का अवसर प्रदान करता है। प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम से वे आम जनता के मन से जुड़ते हैं। जिलाध्यक्ष ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम आज जनांदोलन बन गया है। रामगढ़ जिला का एक-एक कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के आह्वान पर 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को जन-जन तक पहुंचाएगा और जल संरक्षण एवं प्लास्टिक मुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर जिले के विभिन्न मंडलों और बूथों पर दर्जनों कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

