बिजली दर वृद्धि, कटौती और गलत बिलिंग के विरोध में भाजपा का महाधरना

WhatsApp Channel Join Now
बिजली दर वृद्धि, कटौती और गलत बिलिंग के विरोध में भाजपा का महाधरना


रांची, 17 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा, रांची महानगर, रांची पूर्वी एवं रांची पश्चिमी जिला के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को डोरंडा स्थित झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) कार्यालय के समक्ष बिजली दर में बेतहाशा वृद्धि, लगातार हो रही बिजली कटौती एवं पोस्टपेड मीटर में अनियमित बिलिंग के विरोध में एक दिवसीय सांकेतिक महाधरना का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा, रांची महानगर जिला के अध्यक्ष वरुण साहू एवं संचालन महामंत्री जितेंद्र वर्मा ने किया।

धरना को संबोधित करते हुए रांची विधायक सीपी सिंह ने कहा कि झारखंड में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। आम जनता को महंगी बिजली के साथ-साथ लगातार कटौती और गलत बिलिंग का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार और बिजली विभाग जनता की समस्याओं के प्रति पूरी तरह संवेदनहीन हो चुके हैं। यदि शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो भाजपा सड़क से सदन तक आंदोलन को और तेज करेगी।

हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि बिजली विभाग की लापरवाही और भ्रष्टाचार के कारण आम उपभोक्ताओं पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ रहा है। पोस्टपेड मीटर के नाम पर गलत बिल भेजे जा रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार सबसे अधिक प्रभावित हैं। उन्होंने विभाग को चेतावनी दी कि जनता के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर हेमंत सरकार नहीं चेती तो हम बिजली विभाग का हुंका –पानी बंद कर देंगे।

महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि शहर में बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है व्यवसाय, शिक्षा एवं घरेलू कार्य सभी प्रभावित हो रहे हैं। बिजली विभाग स्मार्ट मीटर के नाम पर आम जनता का जेब काट रहा है। उन्होंने कहा कि आज हम चेतावनी देने आए हैं,व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो चरणबद्ध आंदोलन चलाएंगे।

रांची पूर्वी जिला अध्यक्ष विनय महतो ने कहा कि बिजली विभाग की कार्यशैली में पारदर्शिता का अभाव है। उपभोक्ताओं को सही जानकारी और समाधान नहीं मिल पा रहा है, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।

रांची पश्चिमी जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा हमेशा जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष करती रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक बिजली दर में कमी, निर्बाध आपूर्ति और सही बिलिंग सुनिश्चित नहीं होती, तब तक भाजपा का आंदोलन जारी रहेगा।

धरना में उपस्थित सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में बिजली विभाग की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और शीघ्र समाधान की मांग की।

इस अवसर पर विनय महतो, अध्यक्ष नरेंद्र सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सत्यनारायण सिंह, सुबोध सिंह गुड्डू, संजीव विजयवर्गीय, शोभा यादव, सीमा शर्मा, मनोज चौधरी, सत्यदेव मुंडा, सुधाकर चौबे,ललित ओझा, संजय जयसवाल, राजू सिंह, अनीता वर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story