स्वास्थ्य विभाग में बड़े घोटाले की आशंका, स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराए राज्य सरकार: नवीन जायसवाल

WhatsApp Channel Join Now
स्वास्थ्य विभाग में बड़े घोटाले की आशंका, स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराए राज्य सरकार: नवीन जायसवाल


रांची, 02 मई (हि.स.)। हटिया से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक और विधानसभा में मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने राज्य के स्वास्थ्य विभाग में कथित अनियमितताओं और घोटालों को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी पर अपने पद का दुरुपयोग कर मनमाने तरीके से टेंडर आवंटित करने का आरोप लगाया।

नवीन जायसवाल ने दावा किया कि कुछ उत्पादों की वास्तविक कीमत एक रुपये होने के बावजूद उन्हें तीन से पांच गुना अधिक दर पर खरीदा गया है। उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव की ओर से स्वास्थ्य सचिव को लिखे गए पत्र में व्यापक अनियमितताओं की जांच के निर्देश दिए गए हैं, जो मामले की गंभीरता को दर्शाता है।

भाजपा विधायक ने आरोप लगाया कि टेंडर प्रक्रिया में एक ही परिवार से जुड़ी कई कंपनियों के नाम पर पंजीकरण कराकर लाभ पहुंचाया गया है, जिससे पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने इसे गंभीर प्रशासनिक गड़बड़ी बताया।

जायसवाल ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में लगातार घोटालों के मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन जांच की जिम्मेदारी स्वास्थ्य सचिव को सौंपे जाने पर उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि यह “दूध की रखवाली बिल्ली को सौंपने” जैसा है। उन्होंने आशंका जताई कि जेम पोर्टल के माध्यम से हुई उच्च दर की खरीद में लीपापोती की जा सकती है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में ट्रेजरी से जुड़े मामलों में हर जिले में करोड़ों रुपये की धांधली सामने आई है, जिसे उन्होंने चारा घोटाले से भी बड़ा बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि पहले बालू, कोयला, जमीन और लोहा से जुड़े मामलों की चर्चा होती थी, लेकिन अब सरकारी खजाने की लूट के आरोप भी सामने आ रहे हैं।

भाजपा विधायक ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की निष्पक्ष और स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने की मांग की। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, संबंधित अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज करने और स्वास्थ्य मंत्री को तत्काल पद से बर्खास्त करने की भी मांग की।

प्रेस वार्ता में प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अशोक बड़ाईक और प्रदेश प्रवक्ता अविनेश सिंह भी मौजूद थे।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story