जनता की समस्याओं पर संवेदना का दिखावा कर रही भाजपा : झामुमाे
रांची, 22 दिसंबर (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो)ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उनका बयान हताशा और राजनीतिक अवसरवाद का परिचायक है।
पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने इसे लेकर सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि जब भाजपा सत्ता में थी, तब झारखंड की जनता के कष्ट और आपदाओं पर उनकी सरकार आंखें मूंदे बैठी थी, लेकिन आज वही लोग संवेदना का दिखावा कर रहे हैं।
विनोद पांडेय ने कहा कि झामुमो नेतृत्व वाली सरकार संवेदनशील और जवाबदेह सरकार है। कानून और न्यायालय के आदेशों का सम्मान करना हमारी प्राथमिकता है। सरकार न्यायालय के निर्देशों का पालन करती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वे कानून के राज के पक्ष में हैं या अवैध कब्जे के साथ हैं।
उन्होंने कहा कि मुआवज़े का प्रश्न नियम और कानून के दायरे में तय होता है, न कि किसी राजनीतिक दबाव में। सरकार हर वास्तविक पीड़ित के साथ खड़ी है, लेकिन भाजपा चाहती है कि अवैध निर्माण, भ्रष्टाचार और मिलीभगत को राजनीतिक संरक्षण मिले। यही वजह है कि भाजपा अफसरों और बिल्डरों की जवाबदेही से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

