रांची में भाजपा का मिलन समारोह, बड़ी संख्या में युवाओं ने ली पार्टी की सदस्यता

WhatsApp Channel Join Now
रांची में भाजपा का मिलन समारोह, बड़ी संख्या में युवाओं ने ली पार्टी की सदस्यता


रांची में भाजपा का मिलन समारोह, बड़ी संख्या में युवाओं ने ली पार्टी की सदस्यता


रांची में भाजपा का मिलन समारोह, बड़ी संख्या में युवाओं ने ली पार्टी की सदस्यता


रांची, 05 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय में रविवार को आयोजित मिलन समारोह में बड़ी संख्या में युवाओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। हटिया विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रांची ग्रामीण पश्चिमी जिला से युवा समाजसेवी सुमित साहू के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने भाजपा का दामन थामा।

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सभी नए सदस्यों को पार्टी का पट्टा पहनाकर उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा एक विचारधारा आधारित पार्टी है और युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने कहा कि देश और राज्य के विकास की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है। जितना समाज का हर वर्ग भाजपा को मजबूत करेगा, उतना ही उज्ज्वल भविष्य का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना ही पार्टी का मूलमंत्र है, जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पिछले कई वर्षों से साकार कर रहे हैं।

आदित्य साहू ने झारखंड सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है और सरकार जनता की समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय अन्य मुद्दों में उलझी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और पुलिस का ध्यान सुधार की बजाय वसूली पर केंद्रित है।

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने इस मौके पर कहा कि पार्टी के स्थापना दिवस से ठीक पहले इतने बड़े पैमाने पर युवाओं का भाजपा में शामिल होना इस बात का संकेत है कि पार्टी लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में झारखंड में सड़क, बिजली और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम हुए हैं।

मरांडी ने वर्तमान राज्य सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि यह सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विकास के बजाय भ्रष्टाचार और लूट में व्यस्त है।

कार्यक्रम में हटिया के विधायक एवं विधानसभा में मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है और युवाओं का इस ओर आकर्षित होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि नए सदस्यों के जुड़ने से न केवल हटिया बल्कि पूरे राज्य में पार्टी को मजबूती मिलेगी।

भाजपा की सदस्यता लेने वाले सुमित साहू ने इसे सौभाग्य बताते हुए कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो राष्ट्रहित और जनहित की बात करती है।

इस मौके पर पार्टी में शामिल होने वालों में मुख्य रूप से निशांत, गौरव मोनू, बिक्कू, राज, राजेश सिंह, अमित, जीतू, शशि स्मिथ, शिवम चौबे, रोहित, रवि, शुभम, मनीष सिंह, शिव लखन प्रसाद, राम लखन प्रसाद सहित अन्य लोग शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story