भाजपा ने नवनिर्वाचित मेयर रोशनी खलको का किया सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा ने नवनिर्वाचित मेयर रोशनी खलको का किया सम्मान


रांची, 03 मार्च (हि.स.)। भाजपा रांची महानगर कार्यालय में मंगलवार को महानगर अध्यक्ष वरुण साहू की अध्यक्षता में रांची की नवनिर्वाचित महापौर रौशनी खलखो के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया गया। साथ ही रांची नगर निगम के नवनिर्वाचित पार्षद नकुल तिर्की, सविता कच्छप, बसंती लकड़ा, गीता कुमारी, सुनील यादव, प्रदीप अग्रवाल, रश्मि चौधरी, नीरज कुमार, संजय सिंह, अजीत कच्छप, नीलम चौधरी, ममता देवी, अंजू देवी, परमजीत सिंह टिंकू का भी स्वागत किया गया।

स्वागत समारोह में सभी समर्थकों और कार्यकर्ता आभार प्रकट करते हुए रोशनी खलखो ने कहा कि अंतिम पंक्ति से उठा कर मेयर के पद पर बिठाने का श्रेय रांची की महान जनता और समर्थकों का है।

कार्यक्रम में उपस्थित रांची विधायक सीपी सिंह ने कहा कि रांची को चमकाने का काम अब रोशनी के कंधों पर है और निश्चित रूप से रांची को इंदौर से आगे निकालने में रोशनी कामयाब होंगी।

स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने कहा कि रोशनी खलखो जनता के हर सुख दुख की साथी रही हैं। कोरोना के समय इनका स्कूटी ही एंबुलेंस था। मेयर बनकर भी रोशनी स्कूटी वाली दीदी ही रहेंगी ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि यह सम्मान समारोह केवल एक व्यक्तित्व का अभिनंदन नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम, समर्पण और रांची की जनता के अटूट विश्वास का उत्सव है।

सम्मान समारोह में सत्यनारायण सिंह, बलराम सिंह, जितेन्द्र वर्मा,रमेश सिंह , राजू सिंह,सहित महानगर सभी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story