झारखंड में 6 अप्रैल को मनाया जाएगा भाजपा का 47वां स्थापना दिवस, राज्यभर में होंगे विविध कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में 6 अप्रैल को मनाया जाएगा भाजपा का 47वां स्थापना दिवस, राज्यभर में होंगे विविध कार्यक्रम


रांची, 03 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का 47वां स्थापना दिवस आगामी 6 अप्रैल को पूरे देश के साथ-साथ झारखंड में भी उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने बताया कि इस अवसर को भव्य बनाने के लिए राज्यभर में व्यापक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है।

आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा “पार्टी विद डिफरेंस” है, जो केवल राजनीति नहीं, बल्कि राष्ट्रनीति के सिद्धांतों पर कार्य करती है। उन्होंने बताया कि भारतीय जनसंघ के रूप में शुरू हुआ यह संगठन आज करोड़ों कार्यकर्ताओं के समर्पण और परिश्रम से एक विशाल स्वरूप ले चुका है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा देश के विकास और वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि स्थापना दिवस के सफल आयोजन के लिए प्रदेश स्तर पर पांच सदस्यीय टीम के साथ-साथ जिला स्तर पर भी समितियों का गठन किया गया है। 5 अप्रैल को बूथ, मंडल, जिला और प्रदेश कार्यालयों में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई और सजावट की जाएगी। महिला मोर्चा को मुख्य द्वार पर फूलों और रंगोली से सजावट की जिम्मेदारी दी गई है।

उन्होंने बताया कि 6 और 7 अप्रैल को सभी कार्यकर्ता अपने-अपने घरों पर पार्टी का नया ध्वज फहराएंगे। साथ ही सभी बूथों पर भी झंडा फहराकर स्थापना दिवस मनाया जाएगा। जिला मुख्यालयों में दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जहां पार्टी की विकास यात्रा पर वक्ताओं द्वारा संबोधन दिया जाएगा। इसके अलावा चौक-चौराहों और बाजारों में बड़े झंडे लगाए जाएंगे और कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया पर सेल्फी साझा कर प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 8 और 9 अप्रैल को जिला मुख्यालयों में सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस दौरान संगठन विस्तार, चुनावी सफलता, सेवा भाव, अंत्योदय, विकासोन्मुख राजनीति और राष्ट्र प्रथम की भावना जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला जाएगा।

इसके अतिरिक्त, 10 से 12 अप्रैल तक “गांव/बस्ती चलो अभियान” चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत बूथ स्तर से लेकर जनप्रतिनिधियों तक सभी कार्यकर्ता 50 गांवों में पहुंचकर जनसंपर्क करेंगे। कार्यक्रमों में सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान, बुद्धिजीवियों से संवाद और केंद्र तथा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाना शामिल होगा।

आदित्य साहू ने बताया कि झारखंड में भाजपा का स्थापना दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क बढ़ाने का व्यापक अभियान भी होगा।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story