बिजली दर वृद्धि और कटौती के खिलाफ भाजपा का जिला स्तरीय घेराव
देवघर, 17 अप्रैल (हि.स.)। जिले में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बिजली दर में लगातार वृद्धि, बार-बार हो रही बिजली कटौती तथा पोस्टपेड मीटर में कथित मनमानी बिलिंग के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को बिजली विभाग के कार्यपालक एवं अधीक्षण अभियंता कार्यालय का घेराव कर आक्रोश जताया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आम जनता को हो रही परेशानियों को लेकर अपनी नाराजगी व्यक्त की।
जिला अध्यक्ष सचिन रवानी ने कहा कि सरकार द्वारा 200 यूनिट तक बिजली मुफ्त देने की बात कही जाती है, लेकिन जैसे ही खपत 201 यूनिट होती है, उपभोक्ताओं को पूरा बिल चुकाना पड़ता है। इसके अलावा अनियमित बिजली आपूर्ति और पोस्टपेड मीटर में कथित गलत बिलिंग से आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। रवानी ने कहा कि पार्टी के आह्वान पर पूरे राज्य में जिला स्तर पर बिजली कार्यालयों का घेराव किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन सरकार ने बिजली दरों में 50 से 55 पैसे तक की वृद्धि की है, जिससे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव के दौरान सरकार ने वादा किया था कि खराब ट्रांसफार्मर एक माह के भीतर बदल दिए जाएंगे, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में अब भी लोगों को 25 से 30 हजार रुपये तक चंदा कर ट्रांसफार्मर मरम्मत कराना पड़ता है, जो पूरी तरह अनुचित है। भाजपा ने राज्य सरकार से अविलंब बिजली दर वृद्धि वापस लेने की मांग की है। इस मौके पर विशाखा सिंह, सुनीता सिंह, सोनाधारी झा, बबलू पासवान, रीता चौरासिया, विजया सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

