हेमंत सोरेन सरकार का मॉडल सतत विकास का : अख्तर

WhatsApp Channel Join Now
हेमंत सोरेन सरकार का मॉडल सतत विकास का : अख्तर


रांची, 16 जुलाई (हि.स.)। भाजपा विधायक दल नेता बाबूलाल मरांडी की ओर से खदानों की नीलामी को लेकर झारखंड सरकार पर लगाए गए आरोपों पर कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अख्त्र अली ने पलटवार किया है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बाबूलाल के बयान को भ्रामक, जनविरोधी और कॉर्पोरेट घरानों को फायदा पहुंचाने की छटपटाहट बताया है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि बाबूलाल मरांडी झारखंड की तुलना ओडिशा और छत्तीसगढ़ से कर रहे हैं, जहां भाजपा और उनके सहयोगियों की नीतियों के कारण आदिवासियों को उनकी जमीनों से बेदखल किया जा रहा है और बिना ग्राम सभा की सहमति के हसदेव जैसे समृद्ध जंगलों को काटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का मॉडल अंधाधुंध खनन और कॉर्पोरेट लूट का है, जबकि हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार का मॉडल सतत विकास और जल-जंगल-जमीन का संरक्षण है।

अख्तर अली ने खदानों की नीलामी पर केंद्र सरकार की नीतियां को जिम्मेदार बताते हुए स्पष्ट किया कि देश में प्रमुख खनिजों और कोयला ब्लॉकों के आवंटन और नीलामी की

गाइडलाइंस केंद्र सरकार तय करती है। जब केंद्र सरकार ने बिना सामाजिक और पर्यावरणीय प्रभाव आकलन के झारखंड के संवेदनशील वन क्षेत्रों की नीलामी करने की कोशिश की थी, तब हमारी सरकार ने उच्चतम न्यायालय तक जाकर झारखंड के वनों और विस्थापित होने वाले आदिवासियों के हक की लड़ाई लड़ी थी। हम राज्य को केवल पूंजीपतियों की तिजोरी भरने का जरिया नहीं बनने देंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story