जेएसएससी उत्पाद सिपाही परीक्षा की हो सीबीआई जांच, भाजपा ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
जेएसएससी उत्पाद सिपाही परीक्षा की हो सीबीआई जांच, भाजपा ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन


रांची, 14 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मंगलवार को राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल लोक भवन में मिला और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की ओर से आयोजित उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा में कथित पेपर लीक प्रकरण के संबंध में एक ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि उक्त परीक्षा में व्यापक स्तर पर अनियमितताओं एवं प्रश्नपत्र लीक की आशंका व्यक्त की जा रही है। इस संदर्भ में विभिन्न समाचार माध्यमों में प्रकाशित तथ्यों एवं जांच के दौरान हुई गिरफ्तारियों तथा बरामद सामग्रियों का उल्लेख करते हुए मामले की गंभीरता की ओर ध्यान आकृष्ट कराया गया है।

राज्यपाल को शिष्टमंडल की ओर से ज्ञापन के माध्यम से उक्त प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराए जाने के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया गया है,ताकि तथ्य स्पष्ट हो सकें एवं दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

उक्त अवसर पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष,झारखण्ड विधानसभा बाबूलाल मरांडी,विधानसभा सदस्य सीपी सिंह एवं नवीन जायसवाल सहित अन्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story