सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर झारखंड भाजपा में उत्साह, नेताओं ने दी बधाई

WhatsApp Channel Join Now
सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर झारखंड भाजपा में उत्साह, नेताओं ने दी बधाई


रांची, 15 अप्रैल (हि.स.)। पड़ोसी राज्य बिहार में पहली बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को नेतृत्व मिलने पर झारखंड भाजपा के नेताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं और उनके सफल कार्यकाल की कामना की है।

झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने इसे बिहार के लिए नए संकल्प और नई ऊर्जा का क्षण बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बिहार को विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयामों तक पहुंचाएगी। उन्होंने उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव को भी बधाई दी।

झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सम्राट चौधरी का नेतृत्व बिहार को नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य में सुशासन, विकास और जनकल्याण को बढ़ावा मिलेगा और बिहार एक भ्रष्टाचार मुक्त, सुरक्षित एवं समृद्ध राज्य बनने की ओर अग्रसर होगा।

भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी ने कहा कि संगठन और सरकार के बेहतर समन्वय से विकास कार्यों को गति मिलेगी और नई सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरेगी।

वहीं संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि यह नेतृत्व अनुभव और ऊर्जा का संतुलित मिश्रण है, जो बिहार को विकास के नए शिखर तक पहुंचाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि नई सरकार गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के हित में प्रभावी कदम उठाएगी।

इसके अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, आभा महतो, बालमुकुंद सहाय, डॉ. प्रदीप वर्मा, सुनील सोरेन, मुनेश्वर साहू, गीता कोड़ा, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी और मनोज सिंह सहित कई अन्य भाजपा नेताओं ने भी सम्राट चौधरी, विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव को नई जिम्मेदारियों के लिए बधाई दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story