भू-धंसान से हो रही मौतें राज्य पोषित अवैध खनन का नतीजा: प्रतुल शाहदेव

WhatsApp Channel Join Now
भू-धंसान से हो रही मौतें राज्य पोषित अवैध खनन का नतीजा: प्रतुल शाहदेव


भू-धंसान से हो रही मौतें राज्य पोषित अवैध खनन का नतीजा: प्रतुल शाहदेव


रांची, 14 सितंबर (हि.स.)। झारखंड भाजपा के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने धनबाद में हाल में हुई भू-धंसान की घटना में तीन ग्रामीणों की मौत को अवैध खनन का परिणाम बताते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अवैध खनन को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है और प्रशासन इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है।

प्रतुल शाहदेव ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि धनबाद में हाल की घटना में तीन लोगों की मौत हुई और कई अन्य घायल हुए। उन्होंने दावा किया कि पिछले सात वर्षों में अवैध खनन के दौरान चाल धंसने समेत अन्य घटनाओं में कई दर्जन लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद इस धंधे पर प्रभावी अंकुश नहीं लगाया गया।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि जिस स्थान पर हाल की घटना हुई, वहां सितंबर 2025 में सर्विस वैन पलटने से सात कर्मियों की मौत हुई थी। उनके अनुसार, उस घटना के बाद भी ठोस कदम नहीं उठाए गए और बंद परियोजना में कथित तौर पर फिर अवैध खनन शुरू हो गया।

भाजपा नेता ने सवाल उठाया कि बंद खदानों में अवैध कोयला खनन कैसे जारी है और वहां सुरक्षा के इंतजाम क्यों नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार हादसे होने के बावजूद प्रशासन की कार्रवाई प्रभावी नहीं है।

एमएमडीआर एक्ट को लेकर सरकार पर निशाना

प्रतुल शाहदेव ने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन सरकार एमएमडीआर एक्ट का विरोध इसलिए कर रही है क्योंकि इसमें अवैध खनन के खिलाफ कड़े प्रावधान हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए और ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए।

प्रतुल शादेव ने बंद खदानों में सुरक्षा व्यवस्था तत्काल मजबूत करने, हालिया घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि राज्य सरकार ने अवैध खनन पर प्रभावी रोक नहीं लगाई तो भाजपा इस मुद्दे को लेकर आंदोलन करेगी।----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story