भाजपा 25 अप्रैल को रांची में महिला आरक्षण विधेयक को लेकर 'आक्रोश मार्च' निकालेगी

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा 25 अप्रैल को रांची में महिला आरक्षण विधेयक को लेकर 'आक्रोश मार्च' निकालेगी


भाजपा 25 अप्रैल को रांची में महिला आरक्षण विधेयक को लेकर 'आक्रोश मार्च' निकालेगी


भाजपा 25 अप्रैल को रांची में महिला आरक्षण विधेयक को लेकर 'आक्रोश मार्च' निकालेगी


रांची, 21 अप्रैल (हि.स.)। महिला आरक्षण बिल समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 25 अप्रैल को रांची में प्रस्तावित ‘आक्रोश मार्च’ को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी इस कार्यक्रम को लेकर युद्ध स्तर पर तैयारी में जुटी है और संगठन के विभिन्न स्तरों पर बैठकों का दौर जारी है।

मंगलवार को रांची में दो अलग-अलग स्थानों पर बैठकों का आयोजन कर तैयारियों की समीक्षा की गई। एक बैठक प्रदेश कार्यालय में रांची महानगर एवं मंडल पदाधिकारियों के साथ हुई, जबकि दूसरी बैठक प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के कुच्चू स्थित पैतृक आवास पर रांची पश्चिमी जिला पदाधिकारियों के साथ आयोजित की गई।

प्रदेश कार्यालय में हुई बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने की। इस दौरान आक्रोश मार्च को सफल बनाने के लिए संगठनात्मक रणनीति और कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए आदित्य साहू ने महिला आरक्षण बिल को लेकर कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि इन दलों ने महिलाओं के नाम पर राजनीति की है, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने इस अवसर को भी राजनीतिक दृष्टिकोण से देखा और महिलाओं के हितों की अनदेखी की।

उन्होंने कहा कि देशभर में इस मुद्दे को लेकर आक्रोश है और झारखंड में भी महिलाओं व आम लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। इसी के तहत 25 अप्रैल को रांची में आक्रोश मार्च आयोजित किया जाएगा, जबकि 25 से 30 अप्रैल तक राज्य के 595 मंडलों में पदयात्रा और कांग्रेस का पुतला दहन कार्यक्रम भी चलाया जाएगा।

इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने पंडरा ओपी क्षेत्र में हुई दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना में जमीन कारोबारी भार्गव सिंह की मौत का जिक्र करते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि झारखंड में अपराध बढ़ रहा है और आम लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की।

संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने इस मौके पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में लगातार कार्य हो रहा है और सरकार महिलाओं को आरक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों का वास्तविक चेहरा जनता के सामने आ चुका है।

बैठक में मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

वहीं कुच्चू स्थित बैठक में रांची पश्चिमी जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई। प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि आक्रोश मार्च में अधिक से अधिक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

कुल मिलाकर, भाजपा रांची में प्रस्तावित आक्रोश मार्च को बड़े स्तर पर आयोजित कर राजनीतिक संदेश देने की तैयारी में है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story