तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत
दुमका, 25 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के हंसडीहा-गोड्डा स्टेट हाईवे 133 पर बारिडीह गांव के समीप बुधवार को हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान देवघर जिला के सोनारायठाड़ी थाना क्षेत्र के जरका गांव निवासी इकबाल अली (50) के रूप में हुई।
जानकारी के अनुसार इकबाल अली गोड्डा क्षेत्र स्थित अपनी बेटी के घर गए हुए थे। बुधवार को वे बाइक से अपने घर जरका लौट रहे थे। बताया जाता है कि जैसे ही वे बारिडीह गांव के समीप पहुंचे। उसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर जुट गए। इसकी सूचना हंसडीहा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गंभीर रूप से घायल इकबाल अली को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरैयाहाट पहुंचाया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों को दी गई। खबर मिलते ही मृतक के पुत्र शाहनवाज अली समेत अन्य परिजन हंसडीहा थाना पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक के पुत्र ने बताया कि उनकी बहन का ससुराल गोड्डा क्षेत्र में है और उनके पिता वहीं से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। हादसे में कार और बाइक के परखच्चे उड़ गए। इधर पुलिस बाइक और कार दोनों को कब्जे में लेकर थाना ले आई है। खबर लिखे जाने तक मृतक के परिजनों की ओर से थाना में आवेदन देने की प्रक्रिया चल रही थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

