थम गया भोपू का शोर, अब घरों में जाकर समर्थन मांगेंगे प्रत्याशी

WhatsApp Channel Join Now
थम गया भोपू का शोर, अब घरों में जाकर समर्थन मांगेंगे प्रत्याशी


रामगढ़, 21 फ़रवरी (हि.स.)। नगर पालिका आम चुनाव को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त फ़ैज़ अक अहमद मुमताज ने स्पष्ट किया है कि शनिवार की शाम 5 बजे से चुनाव प्रचार-प्रसार पर पूर्णतः रोक लग गई है। निर्धारित समय के बाद न तो कोई चुनावी सभा आयोजित होगी और न ही जुलूस निकलेगा। प्रत्याशी अब रविवार से घर-घर जाकर लोगों से समर्थन की अपील करेंगे।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस अवधि में अखबारों, निजी एफएम चैनल, टीवी, रेडियो और केबल नेटवर्क पर प्रसारित होने वाले राजनीतिक या निर्वाचन प्रकृति के विज्ञापनों के लिए संबंधित समिति की पूर्व अनुमति अनिवार्य होगी।

प्रत्याशियों को विज्ञापन आवेदन के साथ प्रस्तुति लागत, प्रसारण की संख्या, प्रति प्रसारण दर और अनुमानित व्यय का विवरण देना होगा। एमसीएमसी (मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनिटरिंग कमेटी) की अनुमति के बिना किसी भी विज्ञापन का प्रसारण नियमों का उल्लंघन माना जाएगा।

प्रशासन के अनुसार मतदान 23 फरवरी की सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। मतगणना 27 फरवरी को संपन्न होगी।

रामगढ़ नगरपालिका क्षेत्र में कुल 97,698 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिसमें पुरुष मतदाता 49,238 हैं और महिला मतदाता 48,460 हैं।

चुनाव को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कुल 98 मतदान केंद्र बनाए हैं। इसमें मुख्य मतदान केंद्र 90, सहायक मतदान केंद्र 08, मतदान केंद्र भवन 60 है।

इधर, जिले के मांडू प्रखंड में 30 मतदान केंद्र, 21 भवन, 30,923 मतदाता, रामगढ़ में 41 मतदान केंद्र 25 भवन, 39,360 मतदाता, दुलमी में 03 मतदान केंद्र, 02 भवन, 3,049 मतदाता, पतरातू में 24 मतदान केंद्र, 12 भवन और 24,366 मतदाता हैं।

उपायुक्त ने मतदाताओं से चुनाव में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने नागरिकों से निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में मतदान करने का आग्रह किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story