राज्य स्थापना दिवस पर भगवान बिरसा मुंडा को किया गया नमन, डीसी-एसपी ने अर्पित की श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
राज्य स्थापना दिवस पर भगवान बिरसा मुंडा को किया गया नमन, डीसी-एसपी ने अर्पित की श्रद्धांजलि


रामगढ़, 15 नवंबर (हि.स.)। झारखंड के स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को छत्तरमांडू में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर उपायुक्त ऋतुराज और एसपी मुकेश कुमार लुनायत सहित जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके अदम्य साहस, संघर्ष और बलिदान को नमन किया।

इस दौरान डीसी ऋतुराज ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अन्याय और शोषण के विरुद्ध संघर्ष करने और अपने अधिकारों, संस्कृति और अस्मिता की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने की प्रेरणा देता है। उनका संघर्ष, त्याग और विचार आज भी समाज के लिए प्रासंगिक हैं। विशेषकर युवा पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए।

उपायुक्त ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा सहित झारखंड के तमाम वीर शहीदों और राज्य आंदोलनकारियों ने जिस झारखंड का सपना देखा था, उसे साकार करना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करना होगा।

उन्होंने कहा कि राज्य के विकास, समृद्धि, सामाजिक सद्भाव और जनकल्याण में सक्रिय भागीदारी निभाना ही वीर सपूतों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात करने और रामगढ़ जिले सहित पूरे झारखंड के सर्वांगीण विकास में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777709 Articles

Share this story