भेल प्रबंधन एचईसी कर्मचारियों को कर रहा अनावश्यक परेशान : लालदेव
रांची, 30 जुलाई (हि.स.)। हटिया कामगार यूनियन (एटक) के उपाध्यक्ष लालदेव सिंह ने भेल प्रबंधन पर एचईसी कर्मचारियों को अनावश्यक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है। उन्होंने गुरूवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि पिछले छह वर्षों से एचईसी की स्थिति में सुधार की जिम्मेदारी भेल प्रबंधन को सौंपी गई थी, लेकिन हालात बेहतर होने के बजाय लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को मिलने वाली कई सुविधाओं में कटौती के बावजूद एचईसी की देनदारियां लगातार बढ़ रही हैं। लालदेव सिंह ने कहा कि आर्थिक संकट के बावजूद एचईसी के कर्मचारी संयम बनाए रखते हुए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। इसके बावजूद भेल प्रबंधन ने नियमों का हवाला देते हुए कर्मचारियों के लिए वर्ष में केवल तीन बार अर्जित अवकाश (ईएल) लेने की व्यवस्था लागू कर दी है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सेवा नियमों के अनुसार कर्मचारियों को एक वर्ष में एक माह के अर्जित अवकाश का नगदीकरण कराने का अधिकार है, जिसके बदले निगम को भुगतान करना चाहिए।
लेकिन भेल प्रबंधन इस प्रावधान को लागू नहीं कर रहा है। इतना ही नहीं, सैकड़ों कर्मचारियों के पूर्व में अर्जित अवकाश का नगदीकरण कराने के बावजूद अब तक भुगतान नहीं किया गया है।
हटिया कामगार यूनियन (एटक) ने भेल प्रबंधन से अविलंब अर्जित अवकाश नगदीकरण की व्यवस्था लागू करने और लंबित भुगतान शीघ्र जारी करने की मांग की है। यूनियन का कहना है कि इससे आर्थिक संकट से जूझ रहे कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

