डीसी ने कुलगु ओल्ड, एज होम पहुंचकर बुजुर्गों का जाना हालचाल

WhatsApp Channel Join Now
डीसी ने कुलगु ओल्ड, एज होम पहुंचकर बुजुर्गों का जाना हालचाल


रांची, 30 अप्रैल (हि.स.)।

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने गुरूवार को बिहार समाज कल्याण संस्थान (ओल्ड एज होम) कुलगु पिस्का नगड़ी पहुंच कर बुजुर्गों से मिलकर उनका हाल जाना। इस दौरान उन्होंने वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों की रहने की व्यवस्था, भोजन, स्वच्छता और चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया।

मौके पर उपायुक्त ने आश्रम परिसर में एक-एक कर सभी रूम, किचन, डाइनिंग एरिया और कैंपस का निरीक्षण किया। उन्होंने संत मदर टेरेसा क्लिनिक का भी गहन निरीक्षण किया, जहां उन्होंने क्लिनिक में उपलब्ध दवाओं, चिकित्सा सुविधाओं और इलाज की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने बुजुर्गों का उचित चिकित्सा उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जानकारी के अनुसार उपायुक्त को सूचना मिली कि वृद्ध आश्रम में दो बुजुर्ग अस्वस्थ हैं और उन्हें वृद्धावस्था से संबंधित बीमारियां हैं।

इसपर मंजूनाथ भजन्त्री ने तत्काल सिविल सर्जन सदर को निर्देश देते हुए कहा कि दोनों बुजुर्गों का उचित चिकित्सा उपचार सुनिश्चित किया जाए और उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर निरंतर नजर रखी जाए। मौके पर उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि वृद्ध आश्रम में रहने वाले बुजुर्ग हमारे समाज के अनुभवी नागरिक हैं। उनकी देखभाल, आरामदायक आवास, पौष्टिक भोजन और समय पर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करना हमारा नैतिक दायित्व है। बिहार समाज कल्याण संस्थान (ओल्ड एज होम) कुलगु पिस्का नगड़ी में वर्तमान में कई वृद्धजन रह रहे हैं, जिन्हें आश्रम द्वारा आवास, भोजन और आधारभूत सुविधाएं दी जा रही हैं।

निरिक्षण के क्रम में जिला जन संपर्क पदाधिकारी रांची, उर्वशी पांंडेय, आश्रम के केयर टेकर सहित अन्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story