बीएफसीएल वॉलीबॉल टूर्नामेंट का समापन, डीआरआई डिफेंडर्स बनी विजेता

WhatsApp Channel Join Now
बीएफसीएल वॉलीबॉल टूर्नामेंट का समापन, डीआरआई डिफेंडर्स बनी विजेता


रामगढ़, 26 अगस्त (हि.स.)। बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड में आयोजित वॉलीबॉल टूर्नामेंट रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। बुधवार को फाइनल मुकाबले में डीआरआई डिफेंडर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कमर्शियल स्पाइकर्स को पराजित कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।

फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, जोश और टीम भावना का प्रदर्शन किया। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने उपस्थित दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। अंततः डीआरआई डिफेंडर्स ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

टूर्नामेंट में कंपनी की विभिन्न विभागीय टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का आयोजन कर्मचारियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, टीम भावना, आपसी समन्वय और खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया था।

टूर्नामेंट के समापन अवसर पर विजेता डीआरआई डिफेंडर्स और उपविजेता कमर्शियल स्पाइकर्स के खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया।

बीएफसीएल प्रबंधन ने सभी प्रतिभागी टीमों और खिलाड़ियों को उनके उत्साहपूर्ण प्रदर्शन के लिए बधाई दी। प्रबंधन ने कहा कि कर्मचारियों के लिए आयोजित ऐसी खेल गतिविधियां उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ आपसी सहयोग, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story