बीएफसीएल ने 148 कर्मचारियों का मनाया सामूहिक जन्मदिन

WhatsApp Channel Join Now
बीएफसीएल ने 148 कर्मचारियों का मनाया सामूहिक जन्मदिन


बीएफसीएल ने 148 कर्मचारियों का मनाया सामूहिक जन्मदिन


रामगढ़, 31 मई (हि.स.)। बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड (बीएफसीएल) प्लांट में कर्मचारियों के सम्मान और सकारात्मक कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘पीपुल फर्स्ट कल्चर’ के तहत मई माह में जन्मदिन मनाने वाले 148 कर्मचारियों का सामूहिक जन्मदिन समारोह आयोजित किया गया। “वन सेलिब्रेशन, मेनी स्माइल्स” थीम पर आधारित इस आयोजन ने कर्मचारियों के बीच उत्साह, एकता और आपसी सहयोग की भावना को और मजबूत किया।

समारोह में जीएफए, एचएसपीए तथा रांची स्थित प्रधान कार्यालय के कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। विभिन्न विभागों के कर्मचारी एक साथ एक मंच पर जुटे और इस विशेष अवसर को उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया। कार्यक्रम के दौरान संगठन के विभिन्न विभागाध्यक्षों और वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को बढ़ाया तथा कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का आयोजन एचएसपी कैंटीन, जीएफए कैंटीन और मुख्य कार्यालय परिसर में किया गया। इस अवसर पर जन्मदिन मनाने वाले सभी कर्मचारियों को सामूहिक रूप से शुभकामनाएं दी गईं। समारोह के दौरान केक काटा गया, बधाई संदेश साझा किए गए तथा कर्मचारियों ने एक-दूसरे के साथ खुशी के पल बिताए।

बीएफसीएल प्रबंधन ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों के योगदान के प्रति आभार व्यक्त करना, टीम भावना को मजबूत बनाना तथा संगठन में सकारात्मक और समावेशी कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित करना है। कंपनी का मानना है कि कर्मचारियों की संतुष्टि और सहभागिता किसी भी संस्थान की सफलता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।

अपने संबोधन में वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की निष्ठा, परिश्रम और समर्पण ही कंपनी की निरंतर प्रगति और उपलब्धियों का आधार हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन केवल उत्सव का माध्यम नहीं होते, बल्कि कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच विश्वास, सहयोग और पारिवारिक संबंधों को मजबूत करने का अवसर भी प्रदान करते हैं।

अधिकारियों ने कहा कि जब किसी संगठन में कर्मचारियों को सम्मान और अपनापन मिलता है, तो उनकी कार्यक्षमता और प्रतिबद्धता स्वाभाविक रूप से बढ़ती है। इसी सोच के साथ बीएफसीएल समय-समय पर कर्मचारी कल्याण और सहभागिता से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन करता रहता है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story