प्रशासन और परियोजना प्रबंधन के बीच समन्वय से विकास में आएगी तेजी : डीसी

WhatsApp Channel Join Now
प्रशासन और परियोजना प्रबंधन के बीच समन्वय से विकास में आएगी तेजी : डीसी


रामगढ़, 13 जून (हि.स.)। डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता में शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय यूटिलिटी टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिले में संचालित विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं एवं आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में डीसी ने सीसीएल, विभिन्न कोल परियोजनाओं, पथ निर्माण विभाग, पीवीयूएनएल, स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न परियोजनाओं के अधिकारियों से उनकी ओर से संचालित कार्यों की अद्यतन प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने वनाधिकार अधिनियम (एफआरए), एनओसी, भूमि अधिग्रहण, भू-हस्तांतरण, ग्राम सभा सहित अन्य लंबित मामलों की क्रमवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने का निर्देश दिया।

डीसी ने कहा कि विकास एवं जनहित से जुड़ी परियोजनाओं का समय पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों और परियोजना अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की अनावश्यक बाधा उत्पन्न न हो।

बैठक के दौरान डीसी ने अंचलवार समीक्षा करते हुए सभी अंचल अधिकारियों से उनके क्षेत्रों में संचालित परियोजनाओं की स्थिति, भूमि संबंधी विवाद, मुआवजा, अतिक्रमण, एनओसी और अन्य प्रशासनिक मामलों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी मामलों का नियमित अनुश्रवण करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

समीक्षा के क्रम में डीसी ने विभिन्न परियोजनाओं के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यों के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्याओं और अवरोधों से जिला प्रशासन को नियमित रूप से अवगत कराएं, ताकि आवश्यक समन्वय एवं त्वरित कार्रवाई के माध्यम से समस्याओं का समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन और परियोजना प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय से विकास कार्यों में तेजी आएगी एवं आमजन को इसका लाभ मिलेगा।

बैठक में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, विभिन्न परियोजनाओं के महाप्रबंधक, जिला स्तरीय पदाधिकारी, अंचल अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story