छावनी परिषद के सदस्य सरदार अनमोल का भव्य स्वागत

WhatsApp Channel Join Now
छावनी परिषद के सदस्य सरदार अनमोल का भव्य स्वागत


रामगढ़, 19 नवंबर (हि.स.)। छावनी परिषद रामगढ़ के नामित सदस्य के रूप में पूर्व उपाध्यक्ष सरदार अनमोल सिंह के मनोनयन से शहर में खुशी का माहौल है। उनके शपथ ग्रहण के बाद गुरुवार की शाम झंडा चौक स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर परिसर में पंजाबी हिन्दू बिरादरी की प्रबंधन समिति के तत्वावधान में स्वागत सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल उपस्थित थे।

समारोह को संबोधित करते हुए सांसद मनीष जायसवाल ने सरदार अनमोल सिंह को मनोनयन पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि देखने और सुनने में कैंट बोर्ड का नामित सदस्य होना भले ही छोटी जिम्मेदारी लगे, लेकिन वास्तव में यह एक महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरदार अनमोल सिंह अपनी बुद्धिमता, अनुभव और कार्यक्षमता से रामगढ़ के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

वहीं सम्मान से अभिभूत सरदार अनमोल सिंह ने पंजाबी हिन्दू बिरादरी की प्रबंधन समिति के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणास्रोत है। वे अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

बिरादरी के महासचिव महेश मारवाह ने सांसद मनीष जायसवाल का स्वागत करते हुए कहा कि सांसद जनता के सुख-दुख में हमेशा उनके बीच उपस्थित रहते हैं और लोगों की समस्याओं को गंभीरता से समझते हैं।

समारोह के दौरान बिरादरी के अध्यक्ष एससी वासुदेव ने सांसद मनीष जायसवाल को माता की चुनरी भेंट की। महासचिव महेश मारवाह ने प्रतीक चिह्न तथा उपाध्यक्ष मनजीत साहनी, सहसचिव नरेश चंद्र मारवाह एवं संस्थापक सदस्य रमण मेहरा ने बुके देकर स्वागत किया।

मौके पर बिरादरी के अध्यक्ष एससी वासुदेव, उपाध्यक्ष मनजीत साहनी, महासचिव महेश मारवाह, सहसचिव नरेश चंद्र मारवाह, सुभाष चंद्र मारवाह, सुरेंद्र सोबती, रमण मेहरा, जेके शर्मा, प्रवीण शर्मा, बलवंत राय मारवाह सहित अन्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780060 Articles

Share this story