जेपीएससी रिफॉर्म मंच के पुतला दहन के दाैरान छीना पुतला, झामुमो समर्थक होने का आरोप
रांची, 21 अगस्त (हि.स.)।
जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच की ओर से शुक्रवार को अल्बर्ट एक्का चौक पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कार्यक्रम के दाैरान माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब एक अज्ञात युवक ने मंच में शामिल एक युवती से धक्का-मुक्की करते हुए उसके हाथ से पुतला छीनकर भाग गया।
मंच के सदस्यों के अनुसार, युवक पुतला लेकर स्टेट लाइब्रेरी की ओर भागा और वहां जाकर छिप गया। मौके पर मौजूद पुलिस बल के जवानों ने युवक को पकड़ लिया और अपने साथ ले गई।
मौके पर घटना से नाराज आक्रोशित छात्र-अभ्यर्थियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्र पीयूष कुमार ने कहा कि जानबूझकर
महिला अभ्यर्थी के साथ युवक ने बदसलूकी की। छेडछाड करते हुए धक्का देकर पुतला छीनकर भाग गया। उन्होंने कहा कि यह रिफॉर्म मंच के आंदोलन को कमजोर करने की साजिश है। वहीं अभ्यर्थी युवती ने बताया कि वह पुतला दहन कार्यक्रम स्थल पर पहुंची थी। इसी दौरान एक अज्ञात युवक ने उसके साथ धक्का-मुक्की की और हाथ से पुतला छीनकर भाग गया।
मंच की ओर से आरोप लगाया गया कि पुतला छीनने वाला युवक झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) समर्थक है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया।
मौके पर छात्र नेता मनोज यादव ने कहा कि झामुमो की यही चाल-चरित्र है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने 26 दिनों के छात्र आंदोलन और 16 दिनों की भूख हड़ताल को जानबूझकर समाप्त कराया। अब जब न्यायालय में नौकरी रद्द किए गए और अभ्यर्थियों के मामले में सरकार से जवाब देने की बात आई है, तो सरकार की ओर से कोई जवाब नहीं आया है।
कुणाल प्रताप सिंह ने कहा कि सरकार अपनी नाकामी छिपाने के लिए सीबीआई जांच से भाग रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने छात्र-अभ्यर्थियों की भावनाओं के साथ छल किया है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में छात्र-अभ्यर्थी मौजूद थेे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

