अल्बर्ट एक्का के गांव के 100 किसानों को बीएयू ने दिया प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
अल्बर्ट एक्का के गांव के 100 किसानों को बीएयू ने दिया प्रशिक्षण


रांची, 25 मार्च (हि.स.)। परमवीर चक्र विजेता लांस नायक अल्बर्ट एक्का के गांव जारी से पहुंचे 100 किसानों के लिए बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) में उन्नत मक्का उत्पादन विषय पर एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस मौके पर कीड़ों और रोगों से फसल के बचाव के लिए प्रभावी रसायन छिड़काव के लिए बीएयू के कुलपति डॉ एससी दुबे ने सभी किसानों को बैटरी संचालित स्प्रेयर मशीन का विवरण किया। बीएयू के आनुवंशिकी और पौधा प्रजनन विभाग की अध्यक्ष डॉ मणिगोपा चक्रवर्ती ने बताया कि मक्का संबंधी अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना (आईसीएआर) की जनजातीय उप योजना के तहत यह आयोजन किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनुसंधान निदेशक डॉ पीके सिंह, कृषि संकाय के डीन डॉ डीके शाही और निदेशक बीज एवं प्रक्षेत्र डॉ शंभूनाथ कर्माकर भी उपस्थित थे।

वहीं डॉ मणिगोपा चक्रवर्ती ने मकई की विभिन्न उन्नत किस्मों, डॉ सुनील कुमार ने विशेष मकई, डॉ सीएस सिंह ने मकई की उत्पादन तकनीक, डॉ मिलन कुमार चक्रवर्ती ने मकई के कीट-पतंगों के नियंत्रण, डॉ मनोज कुमार बर्णवाल ने मकई के रोगों एवं उपचार एवं डॉ योगेंद्र प्रसाद ने चारा मकई के बारे में किसानों को विस्तृत जानकारी दी।

किसानों के साथ बिरसा कृषि विश्वविद्यालय पहुंचे जारी पंचायत (अल्बर्ट एक्का प्रखंड, गुमला) के मुखिया दिलीप बडा़ईक ने प्रशिक्षणार्थियों का परिचय सभी वैज्ञानिकों से कराया।

कार्यक्रम में अल्बर्ट एक्का के पुत्र विंसेंट एक्का भी शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story