अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने बसंत कुमार मित्तल

WhatsApp Channel Join Now
अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने बसंत कुमार मित्तल


रांची, 27 अप्रैल (हि.स.)। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर बसंत कुमार मित्तल के निर्वाचित होने पर झारखंड में खुशी की लहर है। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सोमवार को हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। ट्रस्ट ने इसे झारखंड के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल और प्रवक्ता संजय सर्राफ ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि दिल्ली में हुए चुनाव में बसंत कुमार मित्तल ने भारी मतों से जीत दर्ज कर झारखंड का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह जीत राज्य के अग्रवाल समाज की एकता, प्रतिष्ठा और संगठन क्षमता का प्रमाण है।

उन्होंने बताया कि बसंत कुमार मित्तल लंबे समय से सामाजिक, धार्मिक और संगठनात्मक कार्यों से जुड़े रहे हैं। समाजसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, व्यापक अनुभव और मजबूत नेतृत्व क्षमता के कारण उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक समर्थन मिला। समाज को विश्वास है कि उनके नेतृत्व में सम्मेलन नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा और संगठन और अधिक मजबूत बनेगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद बसत कुमार मित्तल ने श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। ट्रस्ट ने इसे भारतीय संस्कृति, परंपरा और आस्था का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह समाज के लिए प्रेरणादायक संदेश है।

ट्रस्ट अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल सहित कई अन्य सदस्यों ने भी बसंत कुमार मित्तल को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में समाज के हितों को राष्ट्रीय स्तर पर नई दिशा और मजबूती मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story