शिक्षक दिवस पर जरूरतमंद बच्चों के बीच शिक्षण सामग्री और भोजन वितरित

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षक दिवस पर जरूरतमंद बच्चों के बीच शिक्षण सामग्री और भोजन वितरित


रांची, 06 सितंबर (हि.स.)। हटिया के नायक मुहल्ला स्थित सामुदायिक भवन में बंका मेमोरियल ट्रस्ट के तत्वावधान में रविवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान आसपास के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले सैकड़ों गरीब और जरूरतमंद बच्चों के बीच कॉपी, पेंसिल, रबर, कटर सहित अन्य शिक्षण सामग्री और भोजन सामग्री का वितरण किया गया।

ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना और उनके पठन-पाठन में सहयोग देना था। शिक्षण सामग्री मिलने पर बच्चों में उत्साह और खुशी देखने को मिली।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पद्मश्री महावीर नायक, ट्रस्टी दीपक बंका और दीपा बंका मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में आशुतोष द्विवेदी ने शिरकत की। अमित कुमार, सुभद्रा कुमारी और उनके माता-पिता भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

अतिथियों ने कहा कि शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। समाज के जरूरतमंद बच्चों तक शिक्षा का अवसर पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है। शिक्षा के माध्यम से सामाजिक बदलाव और देश की प्रगति को गति दी जा सकती है।

आयोजन को सफल बनाने में संतोष कुमार का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने लक्ष्य हासिल करने और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में ट्रस्ट के सदस्य और स्थानीय लोग मौजूद थे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story