बंगाभाषी समन्वय समिति की रजत जयंती समारोह में अतनु की गीतों की धूम
पूर्वी सिंहभूम, 03 मई (हि.स.)। झारखंड बंगाभाषी समन्वय समिति की ओर से अपने गौरवशाली 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को रजत जयंती समारोह का भव्य आयोजन साकची स्थित रवींद्र भवन में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर के निदेशक प्रो (डॉ) गौतम सूत्रधार उपस्थित थे । समिति के अध्यक्ष बिकाश मुखर्जी ने स्वागत भाषण देकर अतिथियों का अभिनंदन किया। इसके बाद समिति की रजत जयंती स्मारिका का विमोचन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण जी बंगला सारेगामापा के चैंपियन नन्हे गायक अतनु मिश्र की शानदार प्रस्तुति रही। उन्होंने रवींद्र संगीत तोमर पुजार छले.., मन्ना डे का बंगला गीत बेहाग जोदी न होय राजी... , हिंदी गीत ए मेरी ज़हरा ज़बीं तुझे मालूम नहीं.. सहित लगभग 20 लोकप्रिय गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं का मन मोह लिया। कार्यक्रम में पौशाली सरकार ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम का संचालन चंदन चंदों ने किया।
इस अवसर पर विकास मुखर्जी, संदीप सिंह चौधरी, नेपाल दास, परेश कुमार नंदी, पूरबी घोष, अरुण दासगुप्ता, गोविंद मुखर्जी, बनश्री सरकार, तरुण अदाक, शौमि बोस, सोमा घोष, सुलेखा डे, शिल्पी सिंह, अभिषेक सिंह, तरुण बोस, परितोष बोस, दिलीप चटर्जी सहित कई सदस्यों का योगदान रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक

