बिहार में छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ सम्राट चौधरी को भी पत्र लिखें बाबूलाल : राकेश
रांची, 26 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस कमिटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी पर हमला करते हुए कहा कि अगर छात्रों के मुद्दे पर पत्र लिखना ही उनकी नैतिक जिम्मेदारी है, तो वे अपनी नैतिकता का परिचय बिहार में भी दें। बिहार में अपने अधिकार और मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और वाटर कैनन के इस्तेमाल पर बाबूलाल मरांडी को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को भी पत्र लिखना चाहिए।
राकेश सिन्हा ने बुधवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि भाजपा नेताओं की राजनीति में सुविधा के हिसाब से नैतिकता बदल जाती है। झारखंड में छात्रों के प्रति चिंता और बिहार में छात्रों पर पुलिस कार्रवाई पर चुप्पी—यह दोहरा चरित्र आखिर क्यों।
उन्होंने कहा कि यदि बाबूलाल मरांडी वास्तव में छात्रों के हितैषी हैं तो उन्हें दलगत राजनीति से ऊपर उठकर बिहार सरकार से भी जवाब मांगना चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना छात्रों का अधिकार है। सरकार का दायित्व है कि वह छात्रों की बात सुने, संवाद करे और उनकी समस्याओं का समाधान निकाले। लाठी और वाटर कैनन किसी भी लोकतांत्रिक सरकार की पहली प्रतिक्रिया नहीं हो सकती।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

